KNEWS DESK – साउथ के सुपरस्टार यश लंबे समय बाद बड़े पर्दे पर वापसी करने जा रहे हैं। ‘KGF: Chapter 2’ के बाद अब उनकी अगली फिल्म ‘टॉक्सिक’ है, जिसका फैंस बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। इसके बाद यश नितेश तिवारी की ‘रामायण’ में नजर आएंगे। वहीं अब एक्टर की अगली फिल्म को लेकर भी बड़ा अपडेट सामने आ गया है।
दिल राजू के साथ फिल्म करेंगे यश
यश हाल ही में हैदराबाद में ‘टॉक्सिक’ के तेलुगु प्री-रिलीज इवेंट में पहुंचे थे। इस दौरान फिल्म को आंध्र प्रदेश और तेलंगाना में डिस्ट्रीब्यूट कर रहे प्रोड्यूसर दिल राजू ने यश के साथ भविष्य में फिल्म करने की पुष्टि की।
दिल राजू ने संकेत दिया कि वह यश के साथ एक नए प्रोजेक्ट पर काम करने की योजना बना रहे हैं। हालांकि, यश के पहले से व्यस्त शेड्यूल को देखते हुए इस फिल्म को शुरू होने में अभी कुछ वक्त लग सकता है।
दिल राजू और यश की इस फिल्म को लेकर अभी ज्यादा जानकारी सामने नहीं आई है। फिल्म का निर्देशन कौन करेगा, इसकी घोषणा नहीं हुई है। साथ ही यश के अपोजिट कौन एक्ट्रेस होगी और कहानी किस जॉनर की होगी, इस पर भी फिलहाल सस्पेंस बरकरार है।
‘KGF’ फ्रेंचाइजी की जबरदस्त सफलता के बाद यश की तेलुगु राज्यों में भी बड़ी फैन फॉलोइंग है। ऐसे में दिल राजू और यश का यह संभावित कोलैबोरेशन फैंस के बीच काफी उत्सुकता पैदा कर रहा है।
पहले ‘टॉक्सिक’ और फिर ‘रामायण’
फिलहाल यश अपनी अगली फिल्म ‘टॉक्सिक’ को लेकर चर्चा में हैं। गीतू मोहनदास के निर्देशन में बनी इस फिल्म में यश के साथ कियारा आडवाणी, नयनतारा, हुमा कुरैशी, तारा सुतारिया और रुक्मिणी वसंत जैसे कलाकार नजर आएंगे।
फिल्म 26 अगस्त 2026 को रिलीज होने वाली है। इसके बाद यश ‘रामायण’ में नजर आएंगे, जिसमें उनके लुक्स पहले ही सामने आ चुके हैं।
अब देखना दिलचस्प होगा कि ‘टॉक्सिक’ बॉक्स ऑफिस पर कैसा प्रदर्शन करती है और यश के साथ दिल राजू की फिल्म कब फ्लोर पर जाती है।