PM मोदी ने संभाली BJP की नई टीम की कमान, Gen Z कनेक्ट पर फोकस

KNEWS DESK- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को बीजेपी की नई राष्ट्रीय टीम के साथ अहम बैठक की। बीजेपी अध्यक्ष नितिन नबीन के नेतृत्व में गठित नई टीम के साथ यह पहली बड़ी बैठक थी। इस दौरान प्रधानमंत्री ने संगठन को मजबूत करने, नए विचारों के साथ आगे बढ़ने और जनता से जुड़ाव बढ़ाने पर जोर दिया।

बीजेपी की नई राष्ट्रीय टीम की घोषणा 17 अगस्त को हुई थी। इसमें कुल 65 पदाधिकारी शामिल हैं, जिनमें 51 नए चेहरे हैं। नई टीम के साथ बैठक में पार्टी के आगामी कार्यक्रमों, संगठनात्मक गतिविधियों और जनता के बीच पहुंच बढ़ाने की रणनीति पर चर्चा हुई। प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर बैठक की जानकारी साझा करते हुए कहा कि संगठन की बैठकें पार्टी को मजबूत बनाने और लोगों के साथ जुड़ाव बढ़ाने के लिए नए विचारों और दृष्टिकोण पर केंद्रित होती हैं। उन्होंने नई संगठनात्मक टीम के साथ हुई बातचीत को सार्थक बताया।

बैठक में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के साथ कुछ राज्य इकाइयों के अध्यक्ष भी शामिल हुए। बीजेपी के नवनियुक्त उपाध्यक्ष राम माधव, राजस्थान की पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे, पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी, त्रिपुरा के पूर्व मुख्यमंत्री बिप्लब देब, महासचिव (संगठन) बीएल संतोष और केंद्रीय मंत्री एवं कोषाध्यक्ष पीयूष गोयल बैठक में मौजूद रहे। यह बैठक ऐसे समय हुई है जब बीजेपी युवा वर्ग, खासकर Gen Z के बीच अपनी पहुंच बढ़ाने की तैयारी कर रही है। पार्टी युवाओं से संवाद और उन्हें संगठन से जोड़ने के लिए विशेष आउटरीच कार्यक्रमों पर काम कर रही है। नई टीम की बैठक में भी युवा कनेक्ट को महत्वपूर्ण प्राथमिकता के तौर पर देखा गया।

पार्टी सूत्रों के मुताबिक, बैठक में आगामी विधानसभा चुनावों की तैयारियों पर भी चर्चा हुई। इसके साथ ही जमीनी स्तर पर कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने और केंद्र सरकार की योजनाओं व उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाने की रणनीति पर मंथन किया गया।

नितिन नबीन की नई टीम की पहली बैठक शुक्रवार को हुई थी, जिसके बाद संगठन के नए पदाधिकारियों की औपचारिक शुरुआत हुई। अब प्रधानमंत्री के साथ हुई बैठक को पार्टी की आगामी संगठनात्मक और चुनावी रणनीति के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *