Box Office पर ‘आवारापन 2’ का जलवा, इमरान हाशमी ने ‘विश्वनाथ एंड संस’ को पछाड़ा

KNEWS DESK – इमरान हाशमी की फिल्म ‘आवारापन 2’ बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन कर रही है। रिलीज के 8वें दिन फिल्म ने ‘विश्वनाथ एंड संस’ को कमाई के मामले में पीछे छोड़ दिया है। फिल्म का 8 दिनों का नेट कलेक्शन 119 करोड़ रुपये से ज्यादा हो चुका है।

बॉलीवुड एक्टर इमरान हाशमी ने ‘आवारापन 2’ के साथ बॉक्स ऑफिस पर शानदार वापसी की है। रिलीज के शुरुआती दिनों में फिल्म को साउथ की ‘विश्वनाथ एंड संस’ से कड़ी टक्कर मिली, लेकिन अब इमरान हाशमी की फिल्म कमाई के मामले में आगे निकल गई है।

फिल्म ने सिनेमाघरों में 8 दिन पूरे कर लिए हैं और इस दौरान इसकी कमाई ने ट्रेड को भी चौंकाया है। माना जा रहा था कि ‘आवारापन 2’ को सनी देओल की ‘बंटवारा 1947’ से भी कड़ी चुनौती मिल सकती है, लेकिन बॉक्स ऑफिस पर ऐसा देखने को नहीं मिला।

8वें दिन कितनी हुई ‘आवारापन 2’ की कमाई?

सैकनिल्क के मुताबिक, ‘आवारापन 2’ ने रिलीज के 8वें दिन करीब 5.75 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया।

इसके साथ ही फिल्म का 8 दिनों का नेट कलेक्शन बढ़कर 119.25 करोड़ रुपये हो गया है। फिल्म ने अब तक करीब 142.21 करोड़ रुपये का ग्रॉस कलेक्शन किया है।

वहीं, फिल्म के ओवरसीज कलेक्शन की बात करें तो यह करीब 27.30 करोड़ रुपये बताया गया है। फिल्म का वर्ल्डवाइड कलेक्शन अब तक 169.51 करोड़ रुपये पहुंच चुका है।

अगर फिल्म की रफ्तार इसी तरह बनी रहती है तो आने वाले वीकेंड में इसके 200 करोड़ रुपये के आंकड़े के करीब पहुंचने की उम्मीद है।

‘विश्वनाथ एंड संस’ ने कितनी कमाई की?

दूसरी तरफ रवीना टंडन स्टारर ‘विश्वनाथ एंड संस’ ने भी बॉक्स ऑफिस पर अच्छा प्रदर्शन किया है। फिल्म ने 8वें दिन करीब 4.50 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया।

फिल्म का अब तक का नेट कलेक्शन 86.10 करोड़ रुपये बताया गया है, जबकि ग्रॉस कलेक्शन करीब 99.52 करोड़ रुपये है।

ओवरसीज मार्केट में फिल्म ने करीब 50.25 करोड़ रुपये की कमाई की है। इसका वर्ल्डवाइड कलेक्शन 8 दिनों में 149.77 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है।

‘आवारापन 2’ ने बनाई बढ़त

शुरुआत में ‘विश्वनाथ एंड संस’ से पीछे चल रही ‘आवारापन 2’ ने अब कमाई के मामले में बढ़त बना ली है। दोनों फिल्मों के बीच बॉक्स ऑफिस पर मुकाबला देखने को मिला, लेकिन आठवें दिन इमरान हाशमी की फिल्म ने बाजी मार ली।

अब आने वाले दिनों में देखना होगा कि ‘आवारापन 2’ 200 करोड़ के क्लब तक पहुंच पाती है या नहीं और ‘विश्वनाथ एंड संस’ यश की ‘टॉक्सिक’ की चुनौती के बीच अपनी कमाई को कितना आगे ले जा पाती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *