गंगा का बढ़ा जलस्तर, बिजनौर बैराज के तटबंध का 100 मीटर हिस्सा क्षतिग्रस्त

Knews Desk- पहाड़ी और मैदानी इलाकों में लगातार हो रही बारिश के चलते गंगा नदी का जलस्तर बढ़ गया है। तेज बहाव के कारण बिजनौर गंगा बैराज के रावली स्थित लेफ्ट अफलैक्स बंध को भारी नुकसान पहुंचा है। नदी की तेज धारा सीधे तटबंध से टकराने के कारण सुरक्षा के लिए लगाए गए आर्टिकुलेटेड कंक्रीट ब्लॉक मेट्रेस (ACBM) का करीब 100 मीटर हिस्सा नदी में समा गया।

बताया गया है कि तटबंध के कुल 1060 मीटर हिस्से में ACBM कंक्रीट ब्लॉक लगाए गए हैं। इनमें से लगभग 100 मीटर क्षेत्र तेज कटान की चपेट में आया है। यह तटबंध गंगा के पानी को आबादी और कृषि क्षेत्र की ओर जाने से रोकने में अहम भूमिका निभाता है।

मौके पर पहुंची सिंचाई विभाग की टीम

तटबंध को नुकसान पहुंचने की सूचना मिलते ही सिंचाई विभाग के अधिकारियों और इंजीनियरों ने मौके का निरीक्षण किया। प्रभावित हिस्से को सुरक्षित करने के लिए तेजी से सुरक्षात्मक कार्य शुरू कर दिए गए हैं। विभाग की टीम पिछले कई दिनों से मौके पर निगरानी बनाए हुए है।

कटान की रफ्तार कम करने के लिए प्रभावित क्षेत्र में टेट्राहेड्रोन पोरक्युपाइन लगाए जा रहे हैं। इसके अलावा पत्थरों से भरे वायर क्रेट और बड़ी संख्या में रेत की बोरियां भी डाली जा रही हैं, ताकि गंगा की तेज धारा का सीधा दबाव कम किया जा सके।

इंजीनियर इन चीफ ने कहा- तटबंध सुरक्षित

यूपी सिंचाई विभाग के इंजीनियर इन चीफ अवधेश कुमार के मुताबिक, गंगा की धारा इस समय लेफ्ट अफलैक्स बंध से सीधे टकरा रही है। उन्होंने कहा कि क्षतिग्रस्त हिस्से को तेजी से मजबूत किया जा रहा है और विभागीय इंजीनियरों को दिन-रात तटबंध की निगरानी के निर्देश दिए गए हैं।

अधिकारियों का कहना है कि फिलहाल तटबंध पूरी तरह सुरक्षित है और स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। वहीं, कटान प्रभावित हिस्से में बचाव और सुरक्षात्मक कार्य लगातार जारी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *