तमिलनाडु: सरकारी अस्पताल में बच्चे का जन्म हुआ तो मिलेगी 1 ग्राम सोने की अंगूठी, जानें पूरी योजना

KNEWS DESK- तमिलनाडु सरकार जल्द ही ‘थाईमामन थंगा मोथिरम’ योजना शुरू करने जा रही है। इस योजना के तहत सरकारी अस्पतालों में जन्म लेने वाले बच्चों को 1 ग्राम सोने की अंगूठी दी जाएगी। सरकार ने इन अंगूठियों के निर्माण और सप्लाई का जिम्मा केरल की दो प्रमुख ज्वेलरी कंपनियों जॉयलुक्कास और कल्याण ज्वैलर्स को सौंपा है।

सरकार की ओर से 22 जून से सरकारी अस्पतालों में जन्म लेने वाले बच्चों के लिए कुल 1,28,499 सोने की अंगूठियां तैयार करने और सप्लाई करने का वर्क ऑर्डर जारी किया गया है। इसमें जॉयलुक्कास को 70 फीसदी और कल्याण ज्वैलर्स को 30 फीसदी काम दिया गया है। इस योजना को आधिकारिक तौर पर 15 सितंबर को पूर्व मुख्यमंत्री सी. एन. अन्नादुरई की जयंती के मौके पर लॉन्च किया जाएगा। सरकार का उद्देश्य सरकारी अस्पतालों में जन्म लेने वाले बच्चों के परिवारों को इस योजना के जरिए सहायता और सम्मान देना बताया गया है।

योजना के लिए तमिलनाडु मेडिकल सर्विसेज कॉरपोरेशन (TNMSC) ने 14 जुलाई को टेंडर जारी किया था। इसमें कुल 11 कंपनियों ने हिस्सा लिया। इनमें जॉयलुक्कास सबसे कम बोली लगाने वाली कंपनी रही। कंपनी ने सोने की वास्तविक कीमत को अलग रखते हुए मेकिंग चार्ज, बीमा, परिवहन, BIS हॉलमार्किंग और अन्य संबंधित खर्चों के लिए महज 0.01 रुपये की बोली लगाई। इसके बाद काम के बंटवारे के तहत जॉयलुक्कास को 70 फीसदी और कल्याण ज्वैलर्स को 30 फीसदी अंगूठियों की आपूर्ति की जिम्मेदारी दी गई।

‘थाईमामन थंगा मोथिरम’ योजना को लेकर राज्य में चर्चा तेज है। सरकार की ओर से योजना को लेकर आगे की प्रक्रिया पूरी की जा रही है और सितंबर में इसके औपचारिक लॉन्च की तैयारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *