नहीं रहीं दिग्गज एक्ट्रेस सौकार जानकी, 94 साल की उम्र में ली आखिरी सांस

KNEWS DESK – साउथ फिल्म इंडस्ट्री से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। तेलुगु, तमिल, मलयालम और कन्नड़ सिनेमा की दिग्गज अभिनेत्री सौकार जानकी का 94 साल की उम्र में निधन हो गया। उन्होंने शुक्रवार, 21 अगस्त को चेन्नई के एक अस्पताल में आखिरी सांस ली।

बताया जा रहा है कि सौकार जानकी लंबे समय से उम्र संबंधी स्वास्थ्य समस्याओं से जूझ रही थीं। उन्हें सांस लेने में भी तकलीफ थी। हाल ही में तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें चेन्नई के अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां इलाज के दौरान उनका निधन हो गया।

7 दशक लंबे करियर का हुआ अंत

सौकार जानकी करीब 7 दशकों तक फिल्म इंडस्ट्री का हिस्सा रहीं। अपने लंबे करियर में उन्होंने 400 से ज्यादा फिल्मों में काम किया और दक्षिण भारतीय सिनेमा में अपनी अलग पहचान बनाई।

उनका असली नाम शंकरमंची जानकी था, लेकिन फिल्मी दुनिया में वह ‘सौकार जानकी’ के नाम से मशहूर हुईं।

सौकार जानकी ने तेलुगु, तमिल, मलयालम और कन्नड़ फिल्मों में काम किया। उनकी शानदार अदाकारी के लिए उन्हें दर्शकों के साथ-साथ फिल्म इंडस्ट्री में भी खूब सम्मान मिला।

रेडियो जॉकी से शुरू हुआ सफर

फिल्मों में कदम रखने से पहले सौकार जानकी ऑल इंडिया रेडियो में रेडियो जॉकी के तौर पर काम करती थीं। साल 1950 में उन्होंने तेलुगु फिल्म ‘शौकार’ से एक्टिंग की दुनिया में कदम रखा।

एलवी प्रसाद के निर्देशन में बनी इस फिल्म में एनटी रामा राव भी नजर आए थे। डेब्यू के बाद सौकार जानकी ने कभी पीछे मुड़कर नहीं देखा और लगातार कई यादगार फिल्मों का हिस्सा बनीं।

उनकी चर्चित फिल्मों में ‘इरु कोडुकल’, ‘बामा विजयम’, ‘हे राम’, ‘गीता’, ‘थिल्लू मुल्लू’ और ‘नीरकुमिझी’ जैसी फिल्में शामिल हैं।

सिनेमा और कला के क्षेत्र में उनके लंबे योगदान को देखते हुए भारत सरकार ने साल 2022 में उन्हें पद्मश्री से सम्मानित किया था। सौकार जानकी के निधन की खबर से दक्षिण भारतीय फिल्म इंडस्ट्री में शोक की लहर है। 94 साल की उम्र में उनके निधन के साथ ही करीब सात दशक लंबे उनके शानदार फिल्मी सफर का अंत हो गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *