US Open 2026 में पैसों की बारिश! चैंपियन को 52 करोड़, पहला मैच हारने वाला भी बनेगा करोड़पति

Knews Desk– US Open 2026 ने प्राइज मनी के मामले में टेनिस की दुनिया में नया रिकॉर्ड कायम कर दिया है. साल के आखिरी ग्रैंड स्लैम टूर्नामेंट के लिए यूनाइटेड स्टेट्स टेनिस एसोसिएशन (USTA) ने कुल 108 मिलियन डॉलर यानी करीब 1033 करोड़ रुपये की इनामी राशि का ऐलान किया है. यह पिछले साल के मुकाबले करीब 20 फीसदी और 2024 की तुलना में 44 फीसदी ज्यादा है. इस रिकॉर्डतोड़ प्राइज पूल का फायदा सिर्फ चैंपियन बनने वाले खिलाड़ियों को ही नहीं, बल्कि टूर्नामेंट के शुरुआती दौर में बाहर होने वाले खिलाड़ियों को भी मिलेगा.

महिला और पुरुष सिंगल्स के चैंपियन को इस बार 5.5 मिलियन डॉलर यानी करीब 52 करोड़ रुपये की रकम मिलेगी. पिछले साल चैंपियन बनने वाले कार्लोस अल्कराज और आर्यना सबालेंका को 5 मिलियन डॉलर मिले थे. यानी इस बार विजेता की पुरस्कार राशि में भी बड़ा इजाफा किया गया है. खास बात यह है कि US Open के मेन ड्रॉ में शामिल 128 खिलाड़ियों में से जो खिलाड़ी पहले ही राउंड में हारकर बाहर हो जाएगा, उसे भी करीब 1.40 लाख डॉलर यानी लगभग 1.34 करोड़ रुपये मिलेंगे. यानी बिना एक भी मैच जीते खिलाड़ी करोड़पति बन जाएगा.टूर्नामेंट में आगे बढ़ने के साथ पुरस्कार राशि तेजी से बढ़ती जाएगी. क्वार्टर फाइनल में पहुंचने वाले खिलाड़ी को करीब 7.80 लाख डॉलर यानी लगभग 7.4 करोड़ रुपये मिलेंगे. सेमीफाइनल में जगह बनाने पर इनामी राशि बढ़कर 1.45 मिलियन डॉलर यानी करीब 13 करोड़ रुपये हो जाएगी. वहीं फाइनल में हारने वाला खिलाड़ी भी लगभग 2.8 मिलियन डॉलर यानी करीब 26.8 करोड़ रुपये अपने साथ लेकर जाएगा. चैंपियन को मिलने वाली 52 करोड़ रुपये की रकम के मुकाबले यह लगभग आधी है.

डबल्स खिलाड़ियों के लिए भी US Open 2026 में बड़ी रकम रखी गई है. पुरुष, महिला और मिक्स्ड डबल्स की विजेता जोड़ियों को 1 मिलियन डॉलर यानी करीब 9.5 करोड़ रुपये मिलेंगे. वहीं उपविजेता जोड़ी को लगभग 4.7 करोड़ रुपये की रकम दी जाएगी. इससे डबल्स खिलाड़ियों के लिए भी यह टूर्नामेंट पहले के मुकाबले और ज्यादा आकर्षक हो गया है.

US Open में व्हीलचेयर इवेंट्स को भी इस बार खास तवज्जो दी गई है. 2026 में व्हीलचेयर प्रतियोगिताओं का कुल प्राइज पूल 44.3 फीसदी बढ़ाकर 2,309,200 डॉलर यानी करीब 22 करोड़ रुपये कर दिया गया है. व्हीलचेयर सिंगल्स के चैंपियन को करीब 99 लाख रुपये की पुरस्कार राशि मिलेगी.USTA ने खिलाड़ियों के भविष्य और आर्थिक सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए 2 मिलियन डॉलर का विशेष प्लेयर वेलफेयर फंड भी बनाया है. यह राशि पुरुष और महिला खिलाड़ियों के बीच बराबर बांटी जाएगी और पेंशन के अलावा उन्हें अतिरिक्त आर्थिक सहायता प्रदान करेगी.इस रिकॉर्ड प्राइज मनी के साथ US Open 2026 न सिर्फ टेनिस इतिहास का सबसे बड़ा इनामी टूर्नामेंट बन गया है, बल्कि यह भी दिखाता है कि ग्रैंड स्लैम में खिलाड़ियों के शुरुआती दौर के प्रदर्शन और उनकी आर्थिक सुरक्षा पर भी अब पहले से ज्यादा ध्यान दिया जा रहा है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *