पत्नी के प्रेमी संग जाने से टूट गया पति, जहर खाकर दी जान; 5 बच्चों के सिर से उठा पिता का साया

Knews Desk- उत्तर प्रदेश के भदोही जिले के सुरियावां थाना क्षेत्र से एक दर्दनाक मामला सामने आया है। कसौड़ा गांव में पत्नी के प्रेमी के साथ घर छोड़कर चले जाने से परेशान 45 वर्षीय लल्लू गौतम ने कथित तौर पर शराब में जहर मिलाकर पी लिया। गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराए गए लल्लू की इलाज के दौरान मौत हो गई। उनके पीछे पांच बच्चे रह गए हैं।

लल्लू मजदूरी करके परिवार का पालन-पोषण करते थे। करीब 20 साल पहले उनकी शादी सोनी से हुई थी। दोनों के तीन बेटियां और दो बेटे हैं, जिनकी उम्र करीब 7 से 16 वर्ष के बीच बताई गई है। परिवार के मुताबिक, लगभग दो महीने पहले सोनी गांव के ही बिपिन राव नामक व्यक्ति के साथ घर छोड़कर चली गई थी।

पत्नी को वापस बुलाने की करते रहे कोशिश

पत्नी के घर छोड़ने के बाद लल्लू लगातार उससे फोन पर संपर्क कर वापस आने की अपील कर रहे थे। उन्होंने पत्नी के वापस लौटने को लेकर मुख्यमंत्री जनसुनवाई पोर्टल पर भी शिकायत दर्ज कराई थी। बताया जा रहा है कि सोनी ने सोमवार को लौटने की बात कही थी, लेकिन वह वापस नहीं आई।

बुधवार को लल्लू ने दोबारा पत्नी से फोन पर बात की। बच्चों के मुताबिक, बातचीत के दौरान उन्होंने कहा कि अगर वह घर वापस नहीं लौटीं तो वह जहर खा लेंगे। आरोप है कि पत्नी ने जवाब में कथित तौर पर कहा, “खा लो।”

बच्चों के सामने पी लिया जहरीला पदार्थ

बताया जा रहा है कि पत्नी के इस जवाब से लल्लू बेहद आहत हो गए। इसके बाद उन्होंने शराब में जहरीला पदार्थ मिलाकर बच्चों के सामने ही पी लिया। कुछ ही देर में उनकी तबीयत बिगड़ने लगी।

परिजन उन्हें तत्काल सुरियावां सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे। हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उन्हें जिला अस्पताल भदोही रेफर कर दिया। वहां दोपहर करीब 1 बजे इलाज के दौरान लल्लू ने दम तोड़ दिया।

पांच बच्चों के सिर से उठा पिता का साया

लल्लू की मौत के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है। पांचों बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है। पिता की मौत के बाद बच्चों के सिर से उनका साया उठ गया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *