KNEWS DESK- केन्या में बुधवार को एक बड़ा हेलिकॉप्टर हादसा हुआ, जिसमें इक्वाडोर के खुफिया प्रमुख मिशेले सेंसी-कोंटुगी, उनकी पत्नी और पांच अमेरिकी नागरिकों समेत कुल सात लोगों की मौत हो गई। हादसा सेंट्रल केन्या के सांबुरू काउंटी में हुआ। अधिकारियों के मुताबिक, हेलिकॉप्टर लोइसाबा वाइल्डलाइफ रिजर्व से उड़ान भरने के बाद दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हेलिकॉप्टर में एक पायलट और छह यात्री सवार थे और हादसे में कोई भी जीवित नहीं बचा।
केन्या सिविल एविएशन अथॉरिटी के मुताबिक, दुर्घटना राजधानी नैरोबी के उत्तर में हुई। हादसे की सूचना के बाद राहत और बचाव दल मौके पर पहुंचा, लेकिन दुर्घटनास्थल के दुर्गम इलाके में होने के कारण रेस्क्यू ऑपरेशन में काफी मुश्किलें आईं। स्थानीय पुलिस अधिकारियों ने बताया कि घने अंधेरे और कठिन भौगोलिक परिस्थितियों के चलते अभियान को कुछ समय के लिए रोकना पड़ा।
हादसे में मारे गए इक्वाडोर के खुफिया प्रमुख मिशेले सेंसी-कोंटुगी 42 साल के थे। उन्हें 2024 में इक्वाडोर के नेशनल इंटेलिजेंस सेंटर का प्रमुख नियुक्त किया गया था। वह देश के राष्ट्रपति डैनियल नोबोआ के करीबी सहयोगियों में शामिल थे। इक्वाडोर के परिवहन मंत्री रॉबर्टो लुके ने हादसे पर दुख जताते हुए कहा कि मिशेले और उनकी पत्नी स्टेफनी के निधन से परिवार को गहरा सदमा पहुंचा है।
अमेरिकी विदेश विभाग के एक प्रवक्ता ने भी हादसे में पांच अमेरिकी नागरिकों के मारे जाने की पुष्टि की है। हालांकि, उनकी पहचान और अन्य व्यक्तिगत जानकारी सार्वजनिक नहीं की गई है। स्पेनिश भाषा के ब्रॉडकास्टर टेलीमुंडो ने अपने एक वरिष्ठ अधिकारी जोस अल्बर्टो सुआरेज की मौत की जानकारी दी। कंपनी के अधिकारियों ने उन्हें अपनी टीम का बेहतरीन सहयोगी बताते हुए श्रद्धांजलि दी।
अधिकारियों के मुताबिक, हेलिकॉप्टर पर्यटकों को क्षेत्र के प्राकृतिक नजारे दिखाने के लिए उड़ान पर था। दुर्घटना माउंट ओलोलोक्वे के पास हुई, जो सांबुरू समुदाय के लिए पवित्र माना जाता है और समुद्र तल से करीब 2,000 मीटर की ऊंचाई पर स्थित है। यह इलाका पर्यटन और हाइकिंग के लिए भी जाना जाता है।
हादसे के बाद एयरक्राफ्ट एक्सीडेंट इन्वेस्टिगेशन डिपार्टमेंट ने जांच शुरू कर दी है। फिलहाल दुर्घटना के कारणों का पता नहीं चल पाया है। अधिकारियों का कहना है कि तकनीकी खराबी, मौसम या अन्य परिस्थितियों समेत सभी संभावित पहलुओं की जांच की जा रही है।
केन्या में पिछले कुछ महीनों में यह दूसरा बड़ा हेलिकॉप्टर हादसा बताया जा रहा है। इससे पहले मार्च में पश्चिमी केन्या में हुए एक हेलिकॉप्टर हादसे में भी कई लोगों की जान गई थी, जिनमें एक सांसद भी शामिल था। ताजा दुर्घटना ने देश में हेलिकॉप्टर संचालन और पर्यटक उड़ानों की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं।