सीवान SP समेत 18 IPS अधिकारियों का तबादला, AK-47 फायरिंग के बाद बड़ा प्रशासनिक फेरबदल

Knews Desk- बिहार सरकार ने पुलिस महकमे में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए 18 IPS अधिकारियों का तबादला कर दिया है. इस बदलाव में सीवान के SP पूरन कुमार झा को पद से हटाकर वेटिंग फॉर पोस्टिंग में रखा गया है. उनकी जगह 2019 बैच के IPS अधिकारी भारत सोनी को सीवान का नया पुलिस अधीक्षक बनाया गया है.

सीवान में छात्र प्रदर्शन के दौरान AK-47 से फायरिंग की घटना के बाद से पूरन कुमार झा चर्चा में थे. इसी बीच सरकार की ओर से उनका तबादला किया गया है. खास बात यह है कि एक दिन पहले ही सीवान के DM विवेक रंजन मैत्रेय को भी पद से हटाकर वेटिंग फॉर पोस्टिंग में भेजा गया था. यानी अब जिले के DM और SP दोनों बदल दिए गए हैं.

सीवान के नए SP भारत सोनी 2019 बैच के IPS अधिकारी हैं. इससे पहले वह नालंदा में तैनात थे. अब उन्हें सीवान की कानून-व्यवस्था की जिम्मेदारी सौंपी गई है.

पूरन कुमार झा उस समय सुर्खियों में आए थे, जब छात्र प्रदर्शन के दौरान पुलिस की ओर से AK-47 से फायरिंग का मामला सामने आया था. इस घटना को लेकर पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठे थे. अब सरकार ने उन्हें सीवान के SP पद से हटाकर फिलहाल वेटिंग फॉर पोस्टिंग में रखा है.

भोजपुर SP मिस्टर राज को भी नई जिम्मेदारी

तबादले की सूची में भोजपुर के SP मिस्टर राज का नाम भी शामिल है. उन्हें अब रोहतास का नया SP बनाया गया है. भोजपुर में भरत तिवारी की मौत के मामले के बाद मिस्टर राज भी विवादों में रहे थे. मृतक के भाई ने SP पर गंभीर आरोप लगाए थे, हालांकि मामले को लेकर अलग-अलग पक्ष सामने आए थे.

भोजपुर के SP को रोहतास भेजे जाने के साथ ही रोहतास की पुलिस व्यवस्था में भी बदलाव किया गया है. जिले में हुई एक अधिकारी की हत्या की घटना के बाद पुलिस प्रशासन पहले से ही चर्चा में था. ऐसे में सरकार के इस फेरबदल को महत्वपूर्ण माना जा रहा है.

बिहार सरकार ने सोमवार देर रात 17 IAS अधिकारियों का भी तबादला किया था. इसमें सीवान के DM विवेक रंजन मैत्रेय को हटाकर वेटिंग फॉर पोस्टिंग में रखा गया था. वहीं भोजपुर में भी जिलाधिकारी को बदला गया है. तनय सुल्तानिया की जगह मनोज कुमार मीणा को भोजपुर का नया DM बनाया गया है.

कई IPS अधिकारियों को मिली नई जिम्मेदारी

सरकार के आदेश के मुताबिक 2010 बैच के IPS अधिकारी अनिल कुमार को वित्त एवं तकनीकी सेवाओं के DIG पद से हटाकर मद्यनिषेध एवं NNTF का DIG बनाया गया है. वहीं मृत्युंजय कुमार चौधरी को निगरानी अन्वेषण ब्यूरो से नागरिक सुरक्षा का DIG बनाया गया है.

2012 बैच के IPS अधिकारी राजीव रंजन-2 को मानवाधिकार DIG के पद से हटाकर विशेष निगरानी इकाई की जिम्मेदारी दी गई है. अजय कुमार पांडेय को मद्यनिषेध एवं NNTF से हटाकर वित्त एवं तकनीकी सेवाओं का DIG बनाया गया है.

इसके अलावा अमीर जावेद को कमजोर वर्ग एवं महिला कोषांग से हटाकर निगरानी अन्वेषण ब्यूरो में DIG की जिम्मेदारी दी गई है. मिथिलेश कुमार को EOU के SP पद से हटाकर BSAP-9, जमालपुर का कमांडेंट बनाया गया है. वहीं सुशील कुमार को DIG मानवाधिकार का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है.

बिहार में लगातार दो दिनों में IAS और IPS अधिकारियों के बड़े पैमाने पर तबादले से प्रशासनिक और पुलिस महकमे में व्यापक बदलाव देखने को मिला है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *