लखनऊ के होटल में विदेश मंत्रालय का अधिकारी बनकर हाईड्रामा, 478 फर्जी ID कार्ड के साथ दो गिरफ्तार

Knews Desk- लखनऊ के गोमतीनगर स्थित एक होटल में खुद को विदेश मंत्रालय का अधिकारी बताकर हड़कंप मचाने वाले दो युवकों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोप है कि दोनों ने होटल स्टाफ को बंधक बनाने के साथ वहां ठहरे अन्य लोगों को भी एक कमरे में बंद कर दिया था। पुलिस ने आरोपियों के पास से विदेश मंत्रालय के नाम पर बने 478 फर्जी ID कार्ड बरामद किए हैं।

पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अभिनव सिंह और शिवम चौहान के रूप में हुई है। दोनों सोमवार को गोमतीनगर विकासखंड-3 स्थित होटल क्रिस्टेलिया पहुंचे थे। यहां उन्होंने खुद को विदेश मंत्रालय का अधिकारी बताया और होटल कर्मचारियों पर रौब जमाते हुए कथित तौर पर उन्हें बंधक बना लिया।

जांच में सामने आया है कि दोनों आरोपी तुर्कमेनिस्तान की एक महिला की तलाश में होटल पहुंचे थे। इसके लिए उन्होंने किराए पर एक कार ली थी, जिस पर कथित तौर पर विदेश मंत्रालय का नाम लिखवाया गया था। होटल पहुंचने के बाद दोनों ने खुद को सरकारी अधिकारी बताते हुए कार्रवाई का डर दिखाया।

आरोप है कि दोनों ने होटल के कुछ कर्मचारियों के अलावा वहां मौजूद अन्य ग्राहकों को भी एक कमरे में बंद कर दिया। करीब एक घंटे तक चले इस घटनाक्रम से होटल में अफरा-तफरी की स्थिति बन गई।

पुलिस पहुंची तो मौके से भागे आरोपी

होटल में हुए हंगामे की जानकारी मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस के पहुंचने की भनक लगते ही दोनों आरोपी वहां से फरार हो गए। इसके बाद पुलिस ने उनकी तलाश शुरू की और दबिश देकर दोनों को गिरफ्तार कर लिया।

आरोपियों की तलाशी के दौरान विदेश मंत्रालय के नाम पर तैयार किए गए 478 फर्जी पहचान पत्र मिलने से पुलिस भी हैरान है। अब जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि इतनी बड़ी संख्या में फर्जी ID कार्ड किस उद्देश्य से तैयार किए गए थे और इनका इस्तेमाल कहां-कहां किया गया।

पुलिस को मामले में एक तीसरे आरोपी की भूमिका के भी संकेत मिले हैं, जिसकी तलाश की जा रही है। फिलहाल जांच एजेंसियां आरोपियों के तुर्कमेनिस्तान की महिला से संबंध, फर्जी ID कार्ड तैयार करने के पीछे की वजह और उनके वास्तविक मकसद का पता लगाने में जुटी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *