न्यू स्वागत विहार इलाके में 35 वर्षीय महिला की हत्या के मामले में पुलिस ने आरोपी देवेन्द्र साहू को गिरफ्तार किया है। जांच में सामने आया कि आरोपी अकेली महिलाओं का पीछा करता था और वारदात के दिन भी साइकिल से महिला का पीछा करते हुए घटनास्थल तक पहुंचा था।
Knews Desk- रायपुर के न्यू स्वागत विहार कॉलोनी के पास झाड़ियों में मिली 35 वर्षीय महिला की हत्या के मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी देवेन्द्र साहू महिलाओं और लड़कियों पर गलत नजर रखता था और अक्सर अकेली महिलाओं का पीछा करता था। 21 जुलाई को भी उसने महिला का पीछा किया और उसके अकेले होने का इंतजार करने के बाद वारदात को अंजाम दिया।
पुलिस के अनुसार, महिला ड्यूटी से लौटकर पैदल अपने घर जा रही थी। इसी दौरान आरोपी ने सुनसान जगह देखकर उसका पीछा किया और उसे पकड़ लिया। आरोप है कि आरोपी ने महिला के साथ दुष्कर्म किया और फिर गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। पुलिस का कहना है कि आरोपी ने महिला के मुंह और नाक को पानी में डुबोकर भी उसकी जान लेने की कोशिश की थी। हत्या के बाद शव को झाड़ियों के पीछे छोड़ दिया गया।
जांच में पुलिस को आरोपी के पुराने व्यवहार और आपराधिक रिकॉर्ड से जुड़ी अहम जानकारी मिली है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी पहले भी महिलाओं के साथ जबरदस्ती करने की कोशिश कर चुका है। वह महिला अपराध से जुड़े एक मामले में जेल भी जा चुका है और कुछ समय सुधार गृह में भी रहा था।
200 से ज्यादा CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली
मामले की जांच के लिए पुलिस ने आठ से अधिक टीमें गठित की थीं। टीमों ने महिला के आने-जाने के रास्ते और घटनास्थल के आसपास लगे 200 से ज्यादा CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली। इसके साथ ही तकनीकी साक्ष्यों और आरोपी के पुराने रिकॉर्ड की भी जांच की गई।
CCTV फुटेज और अन्य सुरागों से पुलिस को आरोपी की गतिविधियों की कड़ी जोड़ने में सफलता मिली। जांच में पता चला कि आरोपी साइकिल से महिला का पीछा करते हुए न्यू स्वागत विहार इलाके तक पहुंचा था और काफी देर तक उसके अकेले होने का इंतजार करता रहा।
आरोपी की गिरफ्तारी के बाद पुलिस अब उससे पूछताछ कर रही है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि क्या आरोपी ने इससे पहले भी अन्य महिलाओं को निशाना बनाया था। पुलिस उसके पुराने आपराधिक मामलों और हाल की गतिविधियों की भी जांच कर रही है।