15 साल बाद लौटेगी ‘जिंदगी ना मिलेगी दोबारा’! जोया अख्तर ने सीक्वल पर लगाई मुहर

‘जिंदगी ना मिलेगी दोबारा 2’ को लेकर लंबे समय से चल रही अटकलों पर अब डायरेक्टर जोया अख्तर ने बड़ा अपडेट दिया है। उन्होंने बताया कि फिल्म के सीक्वल को लेकर काम चल रहा है, हालांकि अभी कहानी और बाकी चीजों को अंतिम रूप नहीं दिया गया है।

KNEWS DESK – साल 2011 में रिलीज हुई जोया अख्तर की फिल्म ‘जिंदगी ना मिलेगी दोबारा’ ने दोस्ती, रिश्तों और जिंदगी को खुलकर जीने की कहानी से दर्शकों के दिल में खास जगह बनाई थी। ऋतिक रोशन, फरहान अख्तर और अभय देओल की तिकड़ी वाली इस फिल्म के सीक्वल का इंतजार फैंस लंबे समय से कर रहे हैं। अब इस इंतजार को लेकर एक बड़ा अपडेट सामने आया है।

जोया अख्तर ने सीक्वल पर क्या कहा?

फिल्म के 15 साल पूरे होने के मौके पर जोया अख्तर ने ‘जिंदगी ना मिलेगी दोबारा’ के दूसरे पार्ट को लेकर बात की। ‘मानसून फिल्म फेस्टिवल’ के दौरान द हॉलीवुड रिपोर्टर से बातचीत में उन्होंने संकेत दिया कि सीक्वल पर काम किया जा रहा है।

जोया ने कहा कि टीम इस प्रोजेक्ट पर काम कर रही है, लेकिन अभी यह तय नहीं है कि फिल्म किस दिशा में आगे बढ़ेगी। उनका मानना है कि अगर आज के दौर में इन किरदारों की कहानी को दोबारा पर्दे पर लाना सही लगा, तभी फिल्म को आगे बढ़ाया जाएगा।

2025 में फिर साथ दिखे थे तीनों स्टार

‘जिंदगी ना मिलेगी दोबारा 2’ की चर्चा को सबसे ज्यादा हवा साल 2025 में मिली थी। ऋतिक रोशन, फरहान अख्तर और अभय देओल एक विज्ञापन के लिए फिर एक साथ नजर आए थे। तीनों को साथ देखकर फैंस को लगा कि शायद फिल्म के दूसरे पार्ट की तैयारी शुरू हो गई है।

कई लोगों ने उस विज्ञापन को फिल्म का टीजर तक समझ लिया था। जोया अख्तर ने बताया कि लोगों की ऐसी प्रतिक्रिया देखकर वह भी हैरान थीं। बाद में जब पता चला कि यह सिर्फ एक विज्ञापन है, तो कुछ फैंस ने उन्हें मैसेज करके अपनी नाराजगी भी जाहिर की।

आखिर सीक्वल में इतनी देरी क्यों?

‘जिंदगी ना मिलेगी दोबारा’ के सीक्वल में सबसे बड़ी चुनौती इसकी कहानी को लेकर है। पहली फिल्म की तरह ही दूसरे पार्ट में भी किरदारों की जिंदगी और उनकी यात्रा को दिलचस्प तरीके से पेश करना जरूरी होगा। सिर्फ पुराने चेहरों को दोबारा साथ लाना ही काफी नहीं है।

जोया अख्तर के बयान से साफ है कि फिलहाल फिल्म की कहानी और बाकी चीजों पर काम चल रहा है। यानी सीक्वल को लेकर अभी आधिकारिक तौर पर रिलीज डेट, शूटिंग शेड्यूल या पूरी स्टारकास्ट की पुष्टि नहीं हुई है। यही वजह है कि फैंस को थोड़ा और इंतजार करना पड़ सकता है।

2011 में मचाया था धमाल

‘जिंदगी ना मिलेगी दोबारा’ में ऋतिक रोशन, फरहान अख्तर, अभय देओल, कैटरीना कैफ, कल्कि कोचलिन और नसीरुद्दीन शाह जैसे कलाकार नजर आए थे। फिल्म की शूटिंग भारत के साथ स्पेन और यूके में भी हुई थी। करीब 45 करोड़ रुपये के बजट में बनी इस फिल्म ने दुनियाभर में लगभग 153 करोड़ रुपये का कारोबार किया था।

अब 15 साल बाद एक बार फिर अर्जुन, इमरान और कबीर की कहानी पर्दे पर लौटती है या नहीं, इस पर सबकी नजरें हैं। जोया अख्तर का ताजा बयान फैंस के लिए उम्मीद जरूर जगाता है, लेकिन फिल्म के आधिकारिक ऐलान के लिए अभी इंतजार करना होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *