पीपलकोटी में टीएचडीसी की निर्माणाधीन टनल में हुए हादसे के बाद राहत और बचाव अभियान लगातार जारी है। शनिवार को रेस्क्यू टीम ने एक और श्रमिक का शव बरामद किया। हादसे में अब तक 8 मजदूरों की जान जा चुकी है, जबकि 14 श्रमिकों को सुरक्षित बाहर निकाला गया है।
Knews Desk- चमोली के मायापुर, पीपलकोटी स्थित टीएचडीसी की निर्माणाधीन टनल में 13 अगस्त को हुए हादसे के बाद से रेस्क्यू ऑपरेशन लगातार चल रहा है। शनिवार को बचाव अभियान के दौरान एक और श्रमिक का शव टनल से बाहर निकाला गया। मृतक की पहचान देवनाथ पुत्र धनसु राम बघेल, निवासी दहीगोंडा, छत्तीसगढ़ के रूप में हुई है।
शव को टनल से बाहर निकालने के बाद जिला चिकित्सालय गोपेश्वर भेजा गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस घटना के बाद हादसे में मृतकों की संख्या बढ़कर 8 हो गई है। वहीं, 14 श्रमिकों को अब तक सुरक्षित बाहर निकाला जा चुका है। दो मजदूर अभी भी लापता हैं, जिनकी तलाश में टीमें लगातार सर्च ऑपरेशन चला रही हैं।
रेस्क्यू अभियान के दौरान टनल के भीतर जमा पानी भी बड़ी चुनौती बना हुआ है। पानी को बाहर निकालने के लिए सक्शन पंप समेत कई उपकरण लगाए गए हैं। प्रशासन की कोशिश है कि जलस्तर जल्द कम किया जाए, ताकि बचाव दल टनल के अंदर आसानी से पहुंच सकें और लापता श्रमिकों तक पहुंचने का रास्ता बनाया जा सके।
हादसे के बाद जिला प्रशासन, पुलिस, एसडीआरएफ, एनडीआरएफ और संबंधित विभागों की टीमें मौके पर तैनात हैं। उपलब्ध संसाधनों और मशीनरी की मदद से रेस्क्यू अभियान को तेजी से आगे बढ़ाया जा रहा है।
दो श्रमिकों की तलाश में जुटी टीमें
प्रशासन ने लापता दोनों श्रमिकों की तलाश को प्राथमिकता दी है। टनल के भीतर संभावित सभी स्थानों पर सघन तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। बचाव दल मलबे और पानी के बीच रास्ता बनाकर आगे बढ़ने की कोशिश कर रहे हैं।
हादसे में जान गंवाने वाले मजदूरों में उत्तर प्रदेश के तीन, उत्तराखंड के दो और छत्तीसगढ़ के तीन श्रमिक शामिल हैं। हादसे के बाद कई मजदूरों को सुरक्षित निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया था।
जानकारी के मुताबिक, अब तक सुरक्षित निकाले गए श्रमिकों में से 11 का अस्पताल में इलाज चल रहा है, जबकि एक श्रमिक को उपचार के बाद छुट्टी दी जा चुकी है। रेस्क्यू टीमों का पूरा ध्यान अब टनल में फंसे दो अन्य श्रमिकों को सुरक्षित बाहर निकालने पर है।
प्रशासन की ओर से राहत एवं बचाव अभियान में लगे सभी दलों को आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराए जा रहे हैं। टनल में पानी की निकासी और सर्च ऑपरेशन एक साथ जारी है। अधिकारियों के मुताबिक, लापता श्रमिकों का पता लगाने के लिए अभियान में किसी तरह की कमी नहीं छोड़ी जा रही है।