उज्जैन के महाकाल मंदिर में दर्शन करने पहुंचे एक शख्स की चप्पलें जूते-चप्पलों की भीड़ में खो गईं। काफी तलाश के बाद उन्होंने ChatGPT की मदद लेने का फैसला किया। AI ने तस्वीरों का विश्लेषण कर चप्पलों की सही जगह बता दी और आखिरकार उनकी चप्पलें मिल गईं।
Knews Desk- उज्जैन स्थित महाकाल मंदिर में हर दिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं। ऐसे में मंदिर के बाहर जूते-चप्पलों की भारी भीड़ नजर आना आम बात है। इसी भीड़ के बीच गोवा के रहने वाले शुंभांग बोरकर की चप्पलें भी कहीं गुम हो गईं। काफी तलाश करने के बावजूद जब उन्हें अपनी चप्पलें नहीं मिलीं तो उन्होंने एक अनोखा तरीका अपनाया।
शुंभांग ने इस पूरे अनुभव का वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर किया। वीडियो में मंदिर के बाहर जूते-चप्पलों से भरी रैक दिखाई दे रही है। अपनी चप्पलों की पहचान करना उनके लिए आसान नहीं था। इसके बाद उन्होंने आसपास की रैक की वीडियो रिकॉर्डिंग की और ChatGPT को भेज दी।
शुंभांग ने AI को अपनी चप्पलों की एक तस्वीर भी भेजी, ताकि ChatGPT उनके डिजाइन और रंग को पहचान सके। इसके बाद उन्होंने रैक की अलग-अलग तस्वीरें भेजना शुरू किया। ChatGPT ने इन तस्वीरों को ध्यान से देखकर उन चप्पलों की तलाश की, जो शुंभांग की चप्पलों से मेल खाती थीं।
ChatGPT ने बताई चप्पलों की लोकेशन
कई तस्वीरों को स्कैन करने के बाद ChatGPT ने रैक में एक खास जगह की ओर इशारा किया। AI के मुताबिक रैक के दाईं तरफ, लगभग बीच के हिस्से में नीचे की ओर एक जोड़ी ऐसी दिखाई दे रही थी, जो शुंभांग की चप्पलों जैसी लग रही थी।
इसके बाद शुंभांग ने ChatGPT के बताए स्थान पर जाकर चेक किया। वहां पहुंचते ही उन्हें अपनी चप्पलें मिल गईं। यानी AI ने तस्वीरों का विश्लेषण कर जिस जगह का अनुमान लगाया था, वही जगह सही निकली। इसके बाद शुंभांग ने मजाकिया अंदाज में कहा कि उन्होंने और ChatGPT ने मिलकर अच्छी टीम बनाई। उनका यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया और लोगों को AI के इस इस्तेमाल ने हैरान कर दिया।
आमतौर पर ChatGPT का इस्तेमाल लोग सवालों के जवाब पाने, जानकारी जुटाने, लिखने-पढ़ने या तस्वीरों का विश्लेषण करने के लिए करते हैं। लेकिन खोई हुई चप्पलें ढूंढने में AI की मदद लेने का यह मामला काफी अलग है। सोशल मीडिया यूजर्स ने भी इस घटना पर मजेदार प्रतिक्रियाएं दीं।\
देखिए पूरा वीडियो नीचे दिए गए लिंक पर
एक यूजर ने कहा कि इस घटना ने ChatGPT के इस्तेमाल का एक बिल्कुल नया तरीका दिखाया है। वहीं, एक अन्य यूजर ने मजाक करते हुए कहा कि अगर वह ऐसी स्थिति में फंसते तो शायद सबसे अच्छी दिखने वाली चप्पल पहनकर वहां से निकल जाते।
यह घटना दिखाती है कि तस्वीरों का विश्लेषण करने वाली AI तकनीक रोजमर्रा की छोटी-छोटी समस्याओं को हल करने में भी मददगार साबित हो सकती है। हालांकि, किसी चीज की पहचान में AI के अनुमान को अंतिम प्रमाण नहीं मानना चाहिए, लेकिन इस मामले में ChatGPT का अनुमान बिल्कुल सही साबित हुआ।