झारखंड छात्र आंदोलन पर कांग्रेस का बीजेपी पर पलटवार, 4 मंत्रियों ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर लगाए गंभीर आरोप

Knews Desk- रांची में छात्र आंदोलन को लेकर झारखंड की सियासत गरमा गई है। बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू की ओर से राहुल गांधी पर लगाए गए आरोपों के बाद कांग्रेस कोटे के चार मंत्रियों ने संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बीजेपी पर पलटवार किया। मंत्रियों ने आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि बीजेपी छात्रों के मुद्दे पर चर्चा के बजाय राजनीतिक टकराव को बढ़ावा दे रही है।

मंत्री राधाकृष्ण किशोर ने कहा कि विधानसभा का सत्र बुलाया गया था और सरकार छात्रों के मुद्दे पर सदन में चर्चा के लिए तैयार थी। लेकिन, उनके मुताबिक, नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी अपने विधायकों के साथ सुबह से ही मुख्यमंत्री आवास के बाहर धरने पर बैठ गए। उन्होंने आरोप लगाया कि बीजेपी की मंशा छात्रों की समस्याओं पर चर्चा करने की नहीं थी।

उन्होंने कहा कि सरकार आंदोलन कर रहे छात्रों पर बल प्रयोग या हिंसा के पक्ष में नहीं थी। प्रशासन ने पूरे मामले में संयम बरता। मंत्री ने यह भी दावा किया कि आंदोलनकारी छात्रों की ओर से खुद बाहरी लोगों के आंदोलन में शामिल होने की बात कही गई थी।

राधाकृष्ण किशोर ने बीजेपी के पूर्व मुख्यमंत्रियों पर भी निशाना साधा। उन्होंने कोयलकारो आंदोलन का जिक्र करते हुए आरोप लगाया कि 2 फरवरी 2001 को पुलिस कार्रवाई में आठ आंदोलनकारियों की मौत हुई थी। उन्होंने अर्जुन मुंडा और रघुवर दास के कार्यकाल के दौरान हुए प्रदर्शनों में पुलिस कार्रवाई का भी उल्लेख किया।

CBI जांच की मांग पर मंत्री ने उठाए सवाल

छात्र आंदोलन से जुड़े मामलों की CBI जांच की मांग पर मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने कहा कि सरकार की ओर से छात्रों से बातचीत करने वाले प्रतिनिधिमंडल में वह भी शामिल रही हैं। उन्होंने कहा कि सरकार छात्रों की मांगों को गंभीरता से ले रही है और समाधान के लिए बातचीत का रास्ता अपनाया जा रहा है।

CBI जांच को लेकर उन्होंने दावा किया कि 2015 के बाद कई परीक्षाओं से जुड़े मामलों की जांच एजेंसी को सौंपी गई, लेकिन कई मामलों में जांच की प्रगति पर सवाल उठते रहे हैं। उन्होंने NEET UG 2024, UGC NET 2024, SSC CGL 2017, JEE Main 2021 और अन्य परीक्षाओं से जुड़े मामलों का उदाहरण देते हुए CBI की जांच प्रक्रिया पर सवाल उठाए।

इरफान अंसारी ने राहुल गांधी का किया बचाव

मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष के राहुल गांधी पर लगाए आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि राहुल गांधी लगातार छात्रों की आवाज उठाते रहे हैं। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी किसी भी तरह की हिंसा के खिलाफ हैं और छात्रों की समस्याओं का समाधान बातचीत के जरिए चाहते हैं।

स्वास्थ्य मंत्री ने यह भी कहा कि आंदोलन के दौरान बीमार पड़ रहे छात्रों के इलाज की व्यवस्था सरकार की ओर से की जा रही है और वह खुद भी अस्वस्थ छात्रों से मुलाकात कर रहे हैं।

बीजेपी पर आंदोलन को हिंसक बनाने का आरोप

मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने बीजेपी पर छात्र आंदोलन को हिंसक दिशा में ले जाने की कोशिश करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी ने आंदोलनकारी छात्रों से बातचीत की और पुलिस कार्रवाई की निंदा की।

उन्होंने बीजेपी के पुराने कार्यकाल का हवाला देते हुए पत्थलगड़ी मामले का भी जिक्र किया और आरोप लगाया कि उस दौरान बड़ी संख्या में आदिवासी युवाओं पर गंभीर धाराओं में मुकदमे दर्ज किए गए थे।

कांग्रेस के मंत्रियों ने कहा कि सरकार छात्रों की मांगों पर बातचीत के जरिए समाधान निकालने के पक्ष में है और राज्य में शांति व्यवस्था बिगाड़ने की किसी भी कोशिश का विरोध किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *