Knews Desk– अमिताभ बच्चन एक बार फिर छोटे पर्दे पर ‘कौन बनेगा करोड़पति 18’ के साथ वापसी करने जा रहे हैं. शो के नए सीजन को लेकर दर्शकों के बीच पहले से ही काफी उत्साह है. इस बार मेकर्स ने ‘इस बार सोचना पड़ेगा’ टैगलाइन के साथ शो को लेकर उत्सुकता बढ़ाई है. अब KBC 18 का नया प्रोमो सामने आया है, जिसमें बॉलीवुड के दो बड़े सितारे आमिर खान और सनी देओल बतौर खास मेहमान नजर आ रहे हैं. दोनों कलाकार अपनी अपकमिंग फिल्म ‘बंटवारा 1947’ के प्रमोशन के लिए शो के मंच पर पहुंचे हैं.
प्रोमो में आमिर खान अमिताभ बच्चन से उनकी ‘सोचना पड़ेगा’ वाली टैगलाइन का मतलब पूछते दिखाई देते हैं. आमिर अमिताभ से कहते हैं कि आपने प्रोमो में कहा है कि ‘सोचना पड़ेगा’, लेकिन आखिर सोचना क्या पड़ेगा? आमिर के सवाल पर अमिताभ बच्चन अपने खास अंदाज में जवाब देते हैं कि उन्हें देखकर आमिर को कोई फायदा नहीं होने वाला है. इसके बाद बिग बी कहते हैं कि इस बार सबकुछ इतना आसान नहीं होने वाला. अमिताभ की बात सुनकर आमिर भी कहते हैं कि वाकई सोचना पड़ेगा. दोनों के बीच की यह मजेदार नोकझोंक प्रोमो में देखने को मिल रही है.इस प्रोमो की सबसे खास बात यह है कि सनी देओल पहली बार ‘कौन बनेगा करोड़पति’ के मंच पर नजर आने वाले हैं. सनी और आमिर को एक साथ शो में देखना फैंस के लिए भी खास होने वाला है. दोनों कलाकार अपनी फिल्म ‘बंटवारा 1947’ के प्रमोशन के लिए KBC के मंच पर पहुंचे हैं. शो में अमिताभ बच्चन के साथ दोनों की बातचीत और मस्ती दर्शकों का खूब मनोरंजन करने वाली है.
‘बंटवारा 1947’ की बात करें तो यह एक पीरियड ड्रामा फिल्म है, जिसका निर्देशन राजकुमार संतोषी ने किया है. फिल्म को आमिर खान ने अपने प्रोडक्शन हाउस आमिर खान प्रोडक्शंस के बैनर तले प्रोड्यूस किया है. फिल्म की कहानी 1947 के भारत विभाजन और पंजाब के बंटवारे की पृष्ठभूमि पर आधारित है और इसकी कहानी लाहौर में सेट की गई है.फिल्म में सनी देओल के साथ प्रीति जिंटा, शबाना आजमी, करण देओल, अली फजल, अभिमन्यु सिंह, खुशी हजारे और कनिका कपूर जैसे कलाकार नजर आएंगे. इस फिल्म के जरिए प्रीति जिंटा भी करीब आठ साल बाद बड़े पर्दे पर वापसी कर रही हैं. ऐसे में फिल्म को लेकर दर्शकों के बीच पहले से ही काफी उत्सुकता देखने को मिल रही है.
फिल्म के म्यूजिक की जिम्मेदारी एआर रहमान ने संभाली है, जबकि गानों के बोल जावेद अख्तर ने लिखे हैं. फिल्म को सीबीएफसी से बिना किसी कट के रिलीज की मंजूरी भी मिल चुकी है. ‘बंटवारा 1947’ 14 अगस्त 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है.वहीं ‘कौन बनेगा करोड़पति 18’ की बात करें तो अमिताभ बच्चन का यह शो 10 अगस्त, सोमवार रात 9 बजे से सोनी एंटरटेनमेंट टेलीविजन और सोनी लिव पर शुरू होगा. शो सोमवार से शुक्रवार तक प्रसारित किया जाएगा. ऐसे में नए सीजन के पहले मेहमान के तौर पर आमिर खान और सनी देओल की एंट्री ने शो का एक्साइटमेंट और बढ़ा दिया है. अब देखना होगा कि KBC 18 के मंच पर आमिर, सनी और अमिताभ की यह खास मुलाकात दर्शकों को कितना पसंद आती है.