राहुल गांधी आज प्रयागराज में छात्रों से संवाद करने वाले हैं। उनके पहुंचने से पहले ही शहर में कई विवादित पोस्टर और बैनर लगाए गए हैं। इन पोस्टरों में राहुल गांधी की तस्वीर के साथ झारखंड और NEET जैसे मुद्दों को लेकर उन पर निशाना साधा गया है।
Knews Desk- कांग्रेस सांसद और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी शनिवार को प्रयागराज पहुंचे हैं। वह यहां छात्रों के साथ ‘गूंज’ कार्यक्रम में संवाद करेंगे। उनके कार्यक्रम से पहले ही प्रयागराज में पोस्टर वार शुरू हो गया है। शहर के अलग-अलग हिस्सों में राहुल गांधी की तस्वीर वाले कई पोस्टर लगाए गए हैं, जिनमें उन पर तीखे राजनीतिक तंज किए गए हैं।
एक पोस्टर पर लिखा है, ‘जो भाग कर प्रयागराज आए, वह झारखंड जाने से क्यों घबराए?’ वहीं दूसरे पोस्टर में सवाल किया गया है, ‘जब झारखंड के छात्र मांग रहे न्याय, राहुल प्रयागराज ड्रामा करने क्यों आए?’ एक अन्य पोस्टर पर लिखा है, ‘कब आओगे मेरे राहुल, तुम्हें झारखंड बुलाता है।’
इन पोस्टरों के जरिए राहुल गांधी के प्रयागराज दौरे और छात्रों से होने वाले संवाद पर सवाल खड़े किए गए हैं। एक पोस्टर में NEET परीक्षा को लेकर भी राहुल गांधी पर निशाना साधा गया है। इसमें लिखा है, ‘NEET पर हाइपोक्रेसी की भी सीमा होती है, प्रयागराज WOW, झारखंड छी।’
पोस्टरों पर नहीं है किसी का नाम
इन विवादित पोस्टरों की खास बात यह है कि इनमें किसी व्यक्ति, संगठन या राजनीतिक दल का नाम नहीं लिखा गया है। ऐसे में अभी यह साफ नहीं हो पाया है कि इन पोस्टरों को किसने लगवाया है। हालांकि, राहुल गांधी की तस्वीर और उन पर किए गए राजनीतिक कटाक्षों के चलते प्रयागराज में सियासी माहौल गरमा गया है।
कांग्रेस ने भी शहर में लगाए पोस्टर-बैनर
राहुल गांधी के कार्यक्रम को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं की ओर से भी प्रयागराज के अलग-अलग इलाकों में पोस्टर और बैनर लगाए गए हैं। राहुल गांधी यहां छात्रों के साथ ‘गूंज’ कार्यक्रम में बातचीत करेंगे। इस दौरान NEET परीक्षा, पेपर लीक, शिक्षा व्यवस्था और छात्रों से जुड़े कई अहम मुद्दों पर चर्चा होने की बात कही जा रही है।
कांग्रेस इस कार्यक्रम को छात्रों की समस्याओं और उनकी आवाज को सामने रखने वाला महत्वपूर्ण मंच बता रही है। वहीं, राहुल गांधी के विरोध में लगाए गए पोस्टरों ने राजनीतिक बहस को और तेज कर दिया है।
राहुल गांधी के प्रयागराज दौरे से पहले शुरू हुए इस पोस्टर वार के बाद अब सभी की नजरें उनके छात्र संवाद कार्यक्रम पर टिकी हैं। एक ओर कांग्रेस इस दौरे के जरिए छात्रों से जुड़े मुद्दों को उठाने की तैयारी में है, तो दूसरी ओर विरोधी पोस्टरों ने शहर में सियासी तापमान बढ़ा दिया है।