3 अगस्त को साथियों के साथ जल चढ़ाने निकला था युवक, रास्ते में हो गया था लापता; 6 अगस्त को पोखर में मिला शव, गर्भवती पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल
गोरखपुर: उत्तर प्रदेश के गोरखपुर से बाबा धाम में जल चढ़ाने के लिए निकले 27 वर्षीय युवक की झारखंड में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। युवक का शव कटोरिया थाना क्षेत्र के एक पोखर से बरामद किया गया। शव मिलने की खबर जैसे ही परिवार को मिली, घर में मातम छा गया। परिजनों ने युवक की हत्या किए जाने का आरोप लगाते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। शनिवार को आक्रोशित परिजनों ने शव को सड़क पर रखकर जाम लगा दिया, जिसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर लोगों को समझाया और जाम खुलवाया।
मृतक की पहचान गोरखपुर के बिछिया क्षेत्र स्थित जंगल तुलसीराम मल्लाह टोला निवासी बजरंगी निषाद के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि बजरंगी 3 अगस्त को अपने मोहल्ले के लोगों और दोस्तों के साथ बाबा धाम में जल चढ़ाने के लिए घर से निकला था। यात्रा के दौरान वह अपने साथियों से पीछे रह गया। काफी समय तक जब बजरंगी वापस नहीं आया तो उसके साथ मौजूद लोगों ने उसकी तलाश शुरू की। आसपास के इलाकों में खोजबीन के बावजूद उसका कोई पता नहीं चल सका।
इसके बाद 6 अगस्त को झारखंड के कटोरिया थाना क्षेत्र में एक पोखर में अज्ञात युवक का शव मिलने की सूचना पुलिस को मिली। शव की पहचान के लिए पुलिस ने उसके पास मिले मोबाइल फोन और कपड़ों की मदद ली। इन्हीं के आधार पर मृतक की पहचान बजरंगी निषाद के रूप में हुई। पुलिस के अनुसार, युवक के पास कोई पहचान पत्र नहीं मिला था।
परिवार ने लगाया हत्या का आरोप
बजरंगी की मौत की खबर मिलने के बाद परिजनों ने इसे हादसा मानने से इनकार कर दिया। परिवार का आरोप है कि युवक की हत्या की गई और शव को पोखर में फेंका गया। परिजनों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
परिजनों के मुताबिक, बजरंगी की शादी करीब 15 महीने पहले हुई थी। उसकी पत्नी पांच महीने की गर्भवती है। पति की मौत की खबर सुनने के बाद से उसका रो-रोकर बुरा हाल है। परिवार के अनुसार, बजरंगी तीन भाइयों में सबसे छोटा था। उसके एक बड़े भाई की पहले ही मौत हो चुकी है।
शव रखकर सड़क पर किया प्रदर्शन
पुलिस ने पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी कराने के बाद 7 अगस्त को शव परिजनों को सौंप दिया था। शनिवार को परिवार और स्थानीय लोगों ने शव को सड़क पर रखकर जाम लगा दिया। इस दौरान परिजनों ने हत्या की जांच कराने और जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की मांग को लेकर हंगामा किया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाकर सड़क से हटाया।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा मौत का राज
फिलहाल बजरंगी की मौत की असली वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है। रिपोर्ट आने के बाद ही यह साफ हो सकेगा कि युवक की मौत डूबने से हुई या उसके साथ कोई आपराधिक घटना हुई थी।
पुलिस मामले की सभी पहलुओं से जांच कर रही है। युवक के मोबाइल की लोकेशन खंगाली जा रही है और उसके साथ बाबा धाम गए लोगों से भी पूछताछ की जा रही है। जांच में यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि बजरंगी अपने साथियों से कब और कहां अलग हुआ था और इसके बाद वह पोखर तक कैसे पहुंचा। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही मौत की वास्तविक वजह सामने आ सकेगी।