Masoom 2: ‘लकड़ी की काठी’ वाले जुगल हंसराज फिर लौटे, 43 साल बाद आगे बढ़ेगी ‘मासूम’ की कहानी

Knews Desk– बॉलीवुड की यादगार फिल्मों में शामिल ‘मासूम’ की कहानी अब एक नई पीढ़ी के साथ आगे बढ़ने जा रही है. साल 1983 में रिलीज हुई शेखर कपूर की क्लासिक फिल्म के 43 साल बाद फिल्ममेकर और एक्टर जुगल हंसराज एक बार फिर साथ आ गए हैं. दोनों ‘मासूम: द नेक्स्ट जनरेशन’ के लिए रीयूनाइट हुए हैं. खास बात यह है कि फिल्म में नसीरुद्दीन शाह और शबाना आजमी भी अपने पुराने किरदारों में वापसी करते नजर आएंगे.‘मासूम’ की खासियत उसकी इमोशनल और फैमिली स्टोरी थी, जिसने दर्शकों के दिल में खास जगह बनाई थी. अब शेखर कपूर उसी दुनिया को नई पीढ़ी की कहानी के साथ आगे बढ़ाने जा रहे हैं. इसे ओरिजिनल फिल्म का सीक्वल नहीं, बल्कि स्पिरिचुअल सीक्वल बताया जा रहा है. यानी फिल्म की कहानी और किरदारों का कनेक्शन पुरानी फिल्म से रहेगा, लेकिन कहानी को नए दौर और नई पीढ़ी के हिसाब से आगे बढ़ाया जाएगा.

इस प्रोजेक्ट को लेकर सबसे खास बात जुगल हंसराज की वापसी है. जुगल ने बतौर चाइल्ड आर्टिस्ट ‘मासूम’ से अपने एक्टिंग करियर की शुरुआत की थी. फिल्म में उन्होंने राहुल का किरदार निभाया था, जो नसीरुद्दीन शाह के ऑनस्क्रीन बेटे थे. उनकी मासूमियत और अभिनय को दर्शकों ने खूब पसंद किया था. अब चार दशक से ज्यादा समय बाद वह उसी फिल्ममेकर के साथ वापस लौट रहे हैं, जिन्होंने उन्हें पहली बार बड़े पर्दे पर मौका दिया था.

शेखर कपूर ने इस रीयूनियन को लेकर कहा कि पुरानी कहानी की दुनिया में लौटना उनके लिए बेहद खास अनुभव है. उनके मुताबिक जुगल को एक छोटे बच्चे से लेकर एक मंझे हुए कलाकार के रूप में देखना बेहद संतोषजनक है. उन्होंने यह भी कहा कि नसीरुद्दीन शाह और शबाना आजमी के साथ जुगल को दोबारा लाना उन रिश्तों की याद दिलाता है, जो सिनेमा से आगे निकल जाते हैं. वह उम्मीद करते हैं कि नई फिल्म में भी दर्शकों को वही ईमानदारी, संवेदनशीलता और भावनात्मक जुड़ाव देखने को मिलेगा, जिसने ‘मासूम’ को खास बनाया था.वहीं जुगल हंसराज भी इस प्रोजेक्ट को लेकर काफी उत्साहित हैं. उन्होंने बताया कि जब शेखर कपूर ने उन्हें फोन करके नई ‘मासूम’ का हिस्सा बनने की बात कही, तो उन्हें बेहद खुशी हुई. जुगल के लिए यह फिल्म सिर्फ एक प्रोजेक्ट नहीं, बल्कि उनके करियर और पहचान का अहम हिस्सा है. उन्होंने यह भी बताया कि आज भी लोग उन्हें ‘मासूम’ के बच्चे के तौर पर याद करते हैं.

‘मासूम: द नेक्स्ट जनरेशन’ में बदलते पारिवारिक रिश्ते, पहचान और अलग-अलग पीढ़ियों के बीच के संबंध कहानी का अहम हिस्सा होंगे. फिल्म में नसीरुद्दीन शाह, शबाना आजमी और जुगल हंसराज के अलावा मनोज बाजपेयी, नित्या मेनन, विवान शाह और कावेरी कपूर भी नजर आएंगे. फिल्म के संगीत की जिम्मेदारी एआर रहमान संभाल रहे हैं. वह इस प्रोजेक्ट के लिए म्यूजिक कंपोज करने के साथ-साथ को-प्रोड्यूस भी करेंगे.1983 की ‘मासूम’ कम बजट में बनी थी और अपनी कहानी, अभिनय और संगीत के दम पर दर्शकों के बीच खास पहचान बनाने में सफल रही. फिल्म का संगीत आरडी बर्मन ने दिया था और ‘लकड़ी की काठी’ आज भी लोगों की यादों में बसा हुआ है. अब 43 साल बाद उसी भावनात्मक दुनिया को नई कहानी और नई पीढ़ी के साथ पर्दे पर लाने की तैयारी है. ऐसे में ‘मासूम: द नेक्स्ट जनरेशन’ को लेकर पुरानी यादों और नई उम्मीदों का दिलचस्प मेल देखने को मिल सकता है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *