Knews Desk– भारतीय क्रिकेट टीम इस समय एक बड़े इंजरी संकट से गुजर रही है. टीम इंडिया के मौजूदा सेटअप और भविष्य की योजनाओं में शामिल 13 खिलाड़ी एक साथ चोटों से जूझ रहे हैं और बेंगलुरु स्थित सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (CoE) में रिहैबिलिटेशन से गुजर रहे हैं. चोटों की यह लंबी लिस्ट ऐसे समय में सामने आई है, जब भारतीय टीम लगातार व्यस्त शेड्यूल के बीच अलग-अलग फॉर्मेट में मुकाबले खेल रही है. श्रीलंका दौरे पर भी इसका असर साफ देखने को मिल रहा है.इन 13 खिलाड़ियों में टीम के कई बड़े नाम शामिल हैं. तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह, ऑलराउंडर हार्दिक पंड्या, नितीश कुमार रेड्डी, साई सुदर्शन, हर्षित राणा, वरुण चक्रवर्ती और वॉशिंगटन सुंदर जैसे खिलाड़ी इस समय CoE में हैं. इनके अलावा आकाशदीप, हिमांशु सिंह, अशोक शर्मा, सुयश शर्मा, युधवीर सिंह और रियान पराग भी चोटों से उबर रहे हैं.
सबसे बड़ी चिंता जसप्रीत बुमराह को लेकर है. इंग्लैंड के खिलाफ तीसरे वनडे के बाद उनके बाएं घुटने के जोड़ में परेशानी सामने आई थी. वह 30 जुलाई को CoE पहुंचे थे और इसी चोट के कारण श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट सीरीज से बाहर हो गए. फिलहाल वह स्ट्रेंथ और कंडीशनिंग पर काम कर रहे हैं, लेकिन उनकी वापसी की कोई निश्चित तारीख तय नहीं हुई है.हार्दिक पंड्या भी चोट के कारण मुश्किल दौर से गुजर रहे हैं. उन्हें बाईं जांघ में क्वाड्रिसेप्स की चोट लगी थी. रिकवरी के दौरान उन्होंने गेंदबाजी शुरू कर दी थी, लेकिन दाहिने शिन में दर्द होने के बाद उनकी रनिंग रोक दी गई. जांच में कोई गंभीर समस्या नहीं मिली और अब उन्होंने दोबारा रनिंग शुरू कर दी है.
नितीश कुमार रेड्डी की बाईं जांघ की चोट में सुधार हो रहा है और वह रिटर्न-टू-स्किल्स चरण में पहुंच चुके हैं. साई सुदर्शन ने बल्लेबाजी और फील्डिंग का अभ्यास भी शुरू कर दिया है, हालांकि उनके पैर के अंगूठे में अभी दर्द है. हर्षित राणा दाहिनी हैमस्ट्रिंग और वॉशिंगटन सुंदर दाहिनी हैमस्ट्रिंग की चोट से उबर रहे हैं. वहीं वरुण चक्रवर्ती बाईं हैमस्ट्रिंग की चोट के बाद धीरे-धीरे गेंदबाजी वर्कलोड बढ़ा रहे हैं.तेज गेंदबाज आकाशदीप पीठ के निचले हिस्से में स्ट्रेस फ्रैक्चर से उबर रहे हैं और उनका रिटर्न-टू-प्ले प्रोग्राम अच्छी तरह आगे बढ़ रहा है. हिमांशु सिंह ने भी घुटने की चोट के बाद स्पॉट बॉलिंग शुरू कर दी है. वहीं युद्धवीर सिंह कंधे की समस्या से उबर रहे हैं और रिहैब एक्सरसाइज कर रहे हैं.इन सभी के बीच अशोक शर्मा का मामला सबसे गंभीर बताया जा रहा है. जिम्बाब्वे के खिलाफ तीसरे टी20 के बाद उन्हें पीठ के निचले हिस्से में तेज दर्द हुआ था. जांच में एल1 पार्स इंटरआर्टिकुलिस में एक्यूट स्ट्रेस फ्रैक्चर और बाईं 11वीं पसली में फ्रैक्चर की पुष्टि हुई है.
सुयश शर्मा दोनों घुटनों की समस्या से जूझ रहे हैं और फिलहाल स्ट्रक्चर्ड रिहैब से गुजर रहे हैं. वहीं कंधे की सर्जरी के बाद रियान पराग ने स्ट्रेंथ और कंडीशनिंग प्रोग्राम शुरू कर दिया है, लेकिन उनकी बल्लेबाजी या गेंदबाजी में वापसी की समय-सीमा अभी तय नहीं हुई है.13 खिलाड़ियों का एक साथ चोटिल होना भारतीय क्रिकेट के लिए बड़ी चिंता है. इससे न सिर्फ मौजूदा सीरीज के लिए टीम चयन प्रभावित हो रहा है, बल्कि आने वाले महीनों के रोडमैप और खिलाड़ियों के वर्कलोड मैनेजमेंट पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं. अब नजर इस बात पर होगी कि ये खिलाड़ी कब तक पूरी तरह फिट होकर मैदान पर लौटते हैं.