Knews Desk– इमरान हाशमी की मोस्ट अवेटेड फिल्मों में शामिल ‘आवारापन 2’ को लेकर दर्शकों के बीच जबरदस्त एक्साइटमेंट देखने को मिल रही है. करीब 18 साल बाद इस फिल्म की कहानी एक बार फिर पर्दे पर लौटने वाली है. फिल्म के ट्रेलर ने रिलीज से पहले ही फैंस की उत्सुकता बढ़ा दी है. खास बात यह है कि फिल्म के पहले पार्ट के डायरेक्टर मोहित सूरी भी ‘आवारापन 2’ को लेकर काफी भावुक और एक्साइटेड हैं. उन्होंने फिल्म का ट्रेलर शेयर करते हुए एक इमोशनल नोट लिखा है, जिसमें उन्होंने बताया कि यह फिल्म उनके लिए इतनी खास क्यों है.मोहित सूरी ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर ‘आवारापन 2’ का ट्रेलर शेयर किया. इसके साथ उन्होंने फिल्म को अपने लिए एक पुराने और बिछड़े हुए रिश्ते की तरह बताया. डायरेक्टर ने लिखा कि ट्रेलर देखने के बाद उनके मन में कई पुरानी यादें ताजा हो गईं. उनके मुताबिक, यह फिल्म उनके लिए किसी लंबे समय से बिछड़े प्यार जैसी है, जिसकी याद वक्त बीतने के बाद भी दिल में बनी रहती है.
मोहित ने आगे कहा कि यह फिल्म उनके लिए किसी ऐसे पुराने दोस्त की तरह है, जिससे लंबे समय से मुलाकात नहीं हुई, लेकिन जिसकी कमी हमेशा महसूस होती रही. उन्होंने बताया कि करीब 19 साल बाद भी ‘आवारापन’ उनके दिल के बेहद करीब है. यही वजह है कि जब उन्होंने इसके सीक्वल का ट्रेलर देखा, तो उनके लिए यह सिर्फ एक नई फिल्म नहीं बल्कि पुराने दौर और यादों से दोबारा जुड़ने जैसा अनुभव था.मोहित सूरी ने ‘आवारापन 2’ के निर्देशक नितिन कक्कड़ का भी शुक्रिया अदा किया. उन्होंने कहा कि नितिन ने उनके दिल के बेहद करीब रही इस कहानी और दुनिया को वापस लाने का काम किया है. मोहित ने फिल्म को प्यार, खूबसूरती और संवेदनशीलता के साथ बनाने के लिए पूरी टीम की तारीफ की. उन्होंने यह भी कहा कि फिल्म से जुड़े कई लोगों को वह व्यक्तिगत तौर पर जानते हैं और उनके साथ पहले भी काम कर चुके हैं.
‘आवारापन’ साल 2007 में रिलीज हुई थी और इस फिल्म ने इमरान हाशमी के करियर में एक अलग पहचान बनाई थी. फिल्म में इमरान का किरदार, कहानी और संगीत दर्शकों के बीच काफी पसंद किया गया था. खासकर फिल्म के गाने आज भी लोगों की प्लेलिस्ट में सुनाई देते हैं. फिल्म की भावनात्मक कहानी और इमरान हाशमी की एक्टिंग ने इसे उनके करियर की यादगार फिल्मों में शामिल कर दिया.अब इतने लंबे इंतजार के बाद ‘आवारापन 2’ के जरिए इस फ्रेंचाइजी को आगे बढ़ाया जा रहा है. फिल्म के ट्रेलर में एक बार फिर इमोशन, प्यार, एक्शन और दर्द की झलक देखने को मिलती है. यही वजह है कि इमरान हाशमी के फैंस के बीच फिल्म को लेकर काफी उत्साह है.मोहित सूरी का इमोशनल पोस्ट इस बात का संकेत है कि ‘आवारापन’ सिर्फ एक फिल्म नहीं बल्कि उनके करियर और दिल से जुड़ा खास अध्याय है. अब देखना होगा कि ‘आवारापन 2’ पुरानी फिल्म से जुड़ी दर्शकों की यादों और उम्मीदों पर कितना खरा उतरती है.