IND vs SL: शुभमन गिल को श्रीलंका में लगी चोट, टेस्ट सीरीज से पहले टीम इंडिया के लिए नई टेंशन

भारतीय टीम के कई स्टार खिलाड़ी लगातार चोट से जूझ रहे है, जिसमें जसप्रीत बुमराह का नाम सबसे अहम है. फिटनेस की इस हालत को देखते हुए ही BCCI भी फिलहाल बहुत खफा है.

Knews Desk- टीम इंडिया के खिलाड़ियों की फिटनेस एक नया सिरदर्द बन चुकी है. टी20 हो या वनडे या टेस्ट टीम, कई खिलाड़ी लगातार चोटिल हो रहे हैं. यहां तक कि कप्तान शुभमन गिल ने भी इस मुद्दे को उठाया है. मगर श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट सीरीज शुरू होने से ठीक पहले खुद कप्तान गिल ही चोटिल हो गए हैं. एक रिपोर्ट के मुताबिक, कोलंबो में होने वाले अभ्यास मैच से पहले प्रैक्टिस के दौरान गिल के अंगूठे में गेंद से दो बार चोट लग गई, जिसने टीम इंडिया को परेशानी में डाल दिया है.

भारत-श्रीलंका के बीच 15 अगस्त से टेस्ट सीरीज शुरू होनी है, जिसका पहला मैच गॉल में खेला जाएगा. मगर उस मैच से पहले टीम इंडिया को 7 से 9 अगस्त के बीच एक अभ्यास मैच भी खेलना है. इसी अभ्यास मैच के लिए टीम इंडिया कोलंबो के NCC ग्राउंड में लगातार प्रैक्टिस कर रही है. गुरुवार 6 अगस्त को ऐसे ही एक प्रैक्टिस सेशन में बल्लेबाजी करते हुए एक गेंद भारतीय कप्तान के दाएं हाथ के अंगूठे में जोर से लग गई, जिससे वो तड़प उठे.

इस चोट के बाद टीम के मेडिकल स्टाफ ने तुरंत उनको देखा और अंगूठे में पट्टी लगाई. इसके बाद गिल ने अपनी प्रैक्टिस शुरू की. मगर बैटिंग प्रैक्टिस के बाद जब कप्तान गिल अन्य खिलाड़ियों के साथ स्लिप कैचिंग का अभ्यास कर रहे थे, तभी एक गेंद उनके उसी चोटिल अंगूठे पर जा लगी. इस बार गिल की चोट पहले से ज्यादा गंभीर नजर आई और वो ज्यादा दर्द में नजर आए. एक बार फिर मेडिकल टीम ने उनकी जांच की, जिसके बाद उन्होंने आगे प्रैक्टिस में हिस्सा नहीं लिया.

प्रैक्टिस मैच में हिस्सा ले पाएंगे गिल?

अब शुभमन गिल की ये चोट कितनी गंभीर है, इसको लेकर फिलहाल स्थिति साफ नहीं है. मगर इसने टीम इंडिया को परेशानी में जरूर डाल दिया है. पहला टेस्ट मैच तो अभी एक हफ्ता दूर है लेकिन 24 घंटे से भी कम समय में यानि 7 जुलाई से भारतीय टीम का इकलौता अभ्यास मैच शुरू होना है. ऐसे में क्या शुभमन गिल इस मैच में हिस्सा ले पाएंगे या नहीं, ये एक बड़ा सवाल बन गया है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *