Khatron Ke Khiladi 15: ‘मुझे पनौती कहा जाता था’, गौरव खन्ना ने सुनाया संघर्ष का दर्द

Knews Desk– रोहित शेट्टी के स्टंट बेस्ड रियलिटी शो ‘खतरों के खिलाड़ी 15’ में इस बार सिर्फ खतरनाक स्टंट ही नहीं, बल्कि कंटेस्टेंट्स की निजी जिंदगी से जुड़े भावुक किस्से भी दर्शकों का ध्यान खींच रहे हैं। शो के लेटेस्ट प्रोमो में टीवी के लोकप्रिय अभिनेता गौरव खन्ना ने अपने करियर के उस दौर को याद किया, जब उन्हें इंडस्ट्री में “पनौती” और “अनलकी” जैसे ताने सुनने पड़ते थे। उनके इस खुलासे ने फैंस को भावुक कर दिया है।गौरव खन्ना आज टेलीविजन इंडस्ट्री के सफल और पसंदीदा कलाकारों में गिने जाते हैं। खासकर ‘अनुपमा’ में निभाए गए उनके किरदार ने उन्हें घर-घर में पहचान दिलाई। हालांकि, इस मुकाम तक पहुंचने का उनका सफर बिल्कुल आसान नहीं रहा। उन्होंने शो में बताया कि एक समय ऐसा भी था जब उनके कई प्रोजेक्ट सफल नहीं हो पाए और इसका पूरा ठीकरा उनके सिर फोड़ दिया गया।

प्रोमो में गौरव कहते हैं, “एक टैग लग गया था कि गौरव के शोज नहीं चलते हैं। एक एक्टर के लिए इससे बड़ा डर और क्या हो सकता है। लोग कहने लगे थे कि गौरव अनलकी है, पनौती है, इसे मत लो।” उन्होंने बताया कि मुंबई में अपना घर-परिवार छोड़कर केवल अपने सपनों को पूरा करने आए थे, लेकिन लगातार मिल रही असफलताओं ने उनका आत्मविश्वास हिला दिया था।गौरव ने आगे कहा कि जब कोई शो सफल होता था तो उसका श्रेय पूरी टीम को मिलता था, लेकिन अगर कोई शो नहीं चलता था तो लोग सीधे उन्हें जिम्मेदार ठहरा देते थे। उनके मुताबिक, यही बात उन्हें सबसे ज्यादा परेशान करती थी। उन्होंने कहा, “जब भी कोई शो फ्लॉप होता था तो लोग कहते थे कि गौरव अनलकी है। यही मेरा सबसे बड़ा डर बन गया। आज भी जब किसी नए शो या ऑडिशन के लिए जाता हूं तो मन में यही सवाल आता है कि अगर यह शो नहीं चला तो फिर वही टैग मेरे साथ जुड़ जाएगा।”

गौरव की यह बात सुनकर साफ पता चलता है कि सफलता हासिल करने के बाद भी कलाकार अपने पुराने संघर्ष और असफलताओं को आसानी से नहीं भूल पाते। इंडस्ट्री में इमेज और टैग का दबाव कई बार कलाकारों के मानसिक स्वास्थ्य और आत्मविश्वास पर भी असर डालता है।’खतरों के खिलाड़ी 15′ का यह सीजन दर्शकों को सिर्फ एडवेंचर और स्टंट ही नहीं, बल्कि कंटेस्टेंट्स की जिंदगी के अनसुने पहलुओं से भी रूबरू करा रहा है। हर एपिसोड में प्रतियोगी अपने डर, संघर्ष और निजी अनुभव साझा कर रहे हैं, जिससे दर्शक उनके व्यक्तित्व को और करीब से जान पा रहे हैं।

गौरव खन्ना का यह खुलासा सोशल मीडिया पर भी चर्चा का विषय बन गया है। फैंस उनके हौसले की तारीफ कर रहे हैं और कह रहे हैं कि उन्होंने अपनी मेहनत और प्रतिभा के दम पर हर नकारात्मक टैग को पीछे छोड़ दिया। आज वे टीवी इंडस्ट्री के सबसे भरोसेमंद और लोकप्रिय कलाकारों में शामिल हैं।अब देखना दिलचस्प होगा कि गौरव खन्ना ‘खतरों के खिलाड़ी 15’ में अपने सबसे बड़े डर पर जीत हासिल कर पाते हैं या नहीं। हालांकि, उनकी संघर्षभरी कहानी ने यह जरूर साबित कर दिया है कि सफलता के पीछे कई बार असफलताओं और तानों से भरा लंबा सफर छिपा होता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *