Knews Desk– नितेश तिवारी के निर्देशन में बन रही मेगा बजट फिल्म ‘रामायण’ इस समय बॉलीवुड की सबसे चर्चित फिल्मों में शामिल है। फिल्म में रणबीर कपूर भगवान श्रीराम, यश रावण और सनी देओल हनुमान के किरदार में नजर आने वाले हैं। हाल ही में फिल्म का ट्रेलर रिलीज हुआ, जिसके बाद सोशल मीडिया पर इसकी खूब चर्चा हुई। इसी बीच फिल्म की स्टारकास्ट से जुड़ी एक ऐसी जानकारी सामने आई है, जिसने सभी को चौंका दिया है। दरअसल, ‘रामायण’ की पूरी स्टारकास्ट में सबसे ज्यादा नेटवर्थ रणबीर कपूर, यश या सनी देओल की नहीं, बल्कि विवेक ओबेरॉय की बताई जाती है।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, विवेक ओबेरॉय की कुल संपत्ति करीब 1200 करोड़ रुपये है। उन्होंने फिल्मों के साथ-साथ बिजनेस और निवेश के जरिए भी बड़ी दौलत बनाई है। ‘रामायण’ में विवेक ओबेरॉय विद्युत्जिह्व का किरदार निभा रहे हैं, जो रावण की बहन शूर्पणखा के पति और कालकेय दानव कुल के राजकुमार माने जाते हैं। ट्रेलर में उनका लुक भी सामने आ चुका है और माना जा रहा है कि उनका किरदार भले ही ज्यादा लंबा न हो, लेकिन कहानी में अहम भूमिका निभाएगा।
बिजनेस से बनाई करोड़ों की संपत्ति
विवेक ओबेरॉय कई बार इंटरव्यू में बता चुके हैं कि उन्हें कम उम्र से ही बिजनेस और निवेश में दिलचस्पी थी। उन्होंने महज 19 साल की उम्र में अपना पहला कारोबार शुरू किया था। रिपोर्ट्स के अनुसार, आज उनकी कई कंपनियां हैं और रियल एस्टेट, स्टार्टअप्स समेत अलग-अलग सेक्टर में उन्होंने निवेश किया हुआ है। यही वजह है कि उनकी नेटवर्थ 1200 करोड़ रुपये के पार पहुंच चुकी है। अभिनय के साथ-साथ वह एक सफल बिजनेसमैन भी माने जाते हैं।
अगर फिल्म की बाकी स्टारकास्ट की बात करें तो रणबीर कपूर करीब 370 से 400 करोड़ रुपये की संपत्ति के मालिक बताए जाते हैं। ‘एनिमल’ की सफलता के बाद उनकी फीस में भी बड़ा इजाफा हुआ है और खबरों के मुताबिक उन्होंने ‘रामायण’ के लिए 70 से 75 करोड़ रुपये चार्ज किए हैं। वहीं हनुमान का किरदार निभा रहे सनी देओल की अनुमानित नेटवर्थ करीब 130 करोड़ रुपये बताई जाती है। दूसरी ओर, रावण की भूमिका निभा रहे कन्नड़ सुपरस्टार यश की नेटवर्थ करीब 53 करोड़ रुपये बताई जाती है।करीब 4000 करोड़ रुपये के बजट में बन रही ‘रामायण’ भारतीय सिनेमा की सबसे महत्वाकांक्षी फिल्मों में गिनी जा रही है। फिल्म का पहला भाग दिवाली 2026 पर सिनेमाघरों में रिलीज होगा, जबकि दूसरे भाग पर भी तेजी से काम चल रहा है। बड़े बजट, दमदार स्टारकास्ट और भव्य विजुअल्स के चलते दर्शकों की इस फिल्म से काफी उम्मीदें जुड़ी हुई हैं। अब देखना दिलचस्प होगा कि रिलीज के बाद ‘रामायण’ बॉक्स ऑफिस पर कितना बड़ा इतिहास रच पाती है।