Glasgow Commonwealth Games 2026: कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 खत्म होने के बाद पाकिस्तान के लिए एक नया विवाद खड़ा हो गया है। पाकिस्तानी मुक्केबाज कुदरतुल्लाह ग्लासगो में टीम होटल से अचानक लापता हो गए। हैरानी की बात यह है कि उनका पासपोर्ट टीम मैनेजमेंट के पास मौजूद था। इसके बावजूद उनके टीम को चकमा देकर गायब होने की खबर सामने आई है।
Knews Desk- पाकिस्तान ओलंपिक एसोसिएशन (POA) से जुड़े सूत्रों के मुताबिक, कुदरतुल्लाह कॉमनवेल्थ गेम्स में अपनी वेट कैटेगरी का मुकाबला खेलने के बाद बाकी खिलाड़ियों के साथ टीम होटल में ठहरे हुए थे। पाकिस्तान लौटने से करीब छह घंटे पहले वह होटल से लापता हो गए।
रिपोर्ट के मुताबिक, कुदरतुल्लाह को आखिरी बार रविवार, 2 अगस्त को तड़के करीब 2 बजे होटल के कमरे में देखा गया था। बाद में जब टीम के सदस्य रवाना होने के लिए होटल की लॉबी में पहुंचे तो कुदरतुल्लाह वहां मौजूद नहीं थे। काफी तलाश के बाद भी उनका पता नहीं चला, जिसके बाद स्थानीय पुलिस को मामले की जानकारी दी गई।
इस पूरे मामले ने पाकिस्तान बॉक्सिंग फेडरेशन (PBF) के लिए भी मुश्किलें बढ़ा दी हैं। सबसे बड़ा सवाल यह है कि जब खिलाड़ी का पासपोर्ट टीम मैनेजर के पास जमा था, तब वह होटल से कैसे गायब हो गया और आखिर कहां गया?
कुदरतुल्लाह का कॉमनवेल्थ गेम्स में सफर भी ज्यादा लंबा नहीं रहा था। उन्हें बॉक्सिंग प्रतियोगिता के शुरुआती दौर में ही हार का सामना करना पड़ा था। मुकाबले से बाहर होने के बावजूद वह टीम के बाकी सदस्यों के साथ ग्लासगो में रुके हुए थे।
पहले भी विदेश में गायब हो चुके हैं पाकिस्तानी बॉक्सर
पाकिस्तानी मुक्केबाज के विदेश में लापता होने का यह पहला मामला नहीं है। इससे पहले 2022 में बर्मिंघम कॉमनवेल्थ गेम्स के दौरान पाकिस्तानी मुक्केबाज सुलेमान बलोच और नजीरुल्लाह खान भी गायब हो गए थे। उस समय भी दोनों खिलाड़ियों के पासपोर्ट टीम मैनेजमेंट के पास होने की बात सामने आई थी।
इसके अलावा 2024 में इटली के बुस्टो आरसिजियो में आयोजित वर्ल्ड ओलंपिक क्वालीफायर्स के दौरान पाकिस्तानी बॉक्सर जोहैब रशीद के गायब होने का मामला सामने आया था। उन पर अपने रूममेट की विदेशी मुद्रा और कीमती सामान लेकर चले जाने का आरोप लगा था।
CWG 2026 में पाकिस्तान का प्रदर्शन भी रहा फीका
ग्लासगो कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में पाकिस्तान का प्रदर्शन उम्मीदों के मुताबिक नहीं रहा। 36 खिलाड़ियों और अधिकारियों वाला पाकिस्तानी दल प्रतियोगिता के बाद स्वदेश लौट चुका है। पाकिस्तान के खाते में पूरे टूर्नामेंट के दौरान सिर्फ एक ब्रॉन्ज मेडल आया।
यह पदक महिला मुक्केबाज फातिमा जहरा ने हासिल किया। अब कुदरतुल्लाह के अचानक गायब होने के मामले ने पाकिस्तान के खेल प्रबंधन और खिलाड़ियों की निगरानी व्यवस्था को लेकर नए सवाल खड़े कर दिए हैं।