कानपुर के अब्दुल, आहिल और आनंद ने दागे एक-एक गोल, गगन, अनन्य, आनंद और उत्सव की मजबूत डिफेंडिंग के आगे बेबस नजर आया चित्रकूट मंडल
Knews Desk- मऊ में 1 अगस्त से 8 अगस्त तक आयोजित हो रही जूनियर स्टेट फुटबॉल चैंपियनशिप में कानपुर मंडल ने जीत के साथ अपने अभियान का आगाज किया है। कानपुर मंडल ने अपने पहले मुकाबले में शानदार प्रदर्शन करते हुए चित्रकूट मंडल को 3-0 से शिकस्त दी। टीम की ओर से अब्दुल, आहिल और आनंद ने एक-एक गोल दागकर जीत में अहम भूमिका निभाई। वहीं गगन, अनन्य, आनंद और उत्सव ने डिफेंस में दमदार प्रदर्शन किया और चित्रकूट को गोल करने का मौका नहीं दिया।
मुकाबले के शुरुआती मिनटों में दोनों टीमों ने संभलकर खेलते हुए एक-दूसरे पर दबाव बनाने की कोशिश की। मैच के 19वें मिनट में कानपुर मंडल को करीब 30 गज की दूरी से फ्री किक मिली। आनंद ने फ्री किक ली और गेंद क्रॉस बार से टकराकर अब्दुल के पास पहुंच गई। अब्दुल ने बिना मौका गंवाए शानदार हेडर लगाकर गेंद को गोल में पहुंचा दिया और कानपुर को 1-0 की बढ़त दिला दी।
इसके बाद कानपुर के उज्ज्वल के पास बढ़त दोगुनी करने का मौका आया, लेकिन वह इस आसान अवसर को गोल में तब्दील नहीं कर सके। पहले हाफ की समाप्ति तक कानपुर मंडल ने अपनी 1-0 की बढ़त बरकरार रखी।
दूसरे हाफ में आहिल का तेजतर्रार शॉट
दूसरे हाफ की शुरुआत के साथ ही कानपुर मंडल ने अपने हमले तेज कर दिए। टीम के स्ट्राइकरों ने चित्रकूट के गोल पोस्ट पर कई हमले किए, हालांकि शुरुआती प्रयासों में सफलता नहीं मिली।
मैच के 56वें मिनट में आहिल ने शानदार खेल दिखाते हुए एक तेजतर्रार शॉट लगाया। चित्रकूट के गोलकीपर गेंद को रोक नहीं सके और गेंद सीधे जाल में जा समाई। इस गोल के साथ कानपुर मंडल ने मुकाबले में 2-0 की मजबूत बढ़त बना ली।
दो गोल की बढ़त के बावजूद कानपुर के खिलाड़ियों ने अपना आक्रामक खेल जारी रखा। मुकाबले के अंतिम मिनट में कानपुर मंडल को एक और फ्री किक मिली। आनंद ने इस मौके का पूरा फायदा उठाते हुए फ्री किक के जरिए गोल दाग दिया और स्कोर 3-0 कर दिया। इसी के साथ कानपुर मंडल ने चित्रकूट मंडल को 3-0 से हराकर चैंपियनशिप में जीत के साथ शुरुआत की।
‘चीन की दीवार’ बना कानपुर का डिफेंस
कानपुर की इस शानदार जीत में गोल करने वाले खिलाड़ियों के साथ टीम के डिफेंडरों की भूमिका भी अहम रही। गगन, अनन्य, आनंद और उत्सव ने पूरे मुकाबले में मजबूत डिफेंडिंग की। चित्रकूट मंडल के खिलाड़ी कानपुर की इस रक्षापंक्ति को भेदने में नाकाम रहे और एक भी गोल नहीं कर सके।
मैच के दौरान टीम के साथ मऊ में सचिव अजीत सिंह और नेशनल खिलाड़ी एवं कानपुर टीम के कोच अमित वर्मा भी मौजूद रहे। कानपुर मंडल ने इस 3-0 की शानदार जीत के साथ जूनियर स्टेट फुटबॉल चैंपियनशिप में अपने अभियान का विजयी आगाज किया।