प्रीति पवार ने रचा इतिहास, कॉमनवेल्थ गेम्स के फाइनल में पहुंचीं; भारत का सिल्वर मेडल पक्का

Knews Desk– भारतीय महिला मुक्केबाज प्रीति पवार ने कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में शानदार प्रदर्शन करते हुए 54 किलोग्राम भार वर्ग के फाइनल में जगह बना ली है। सेमीफाइनल मुकाबले में उन्होंने जाम्बिया की कैथरीन मवापे को 5-0 के एकतरफा फैसले से हराकर कम से कम रजत पदक अपने नाम सुनिश्चित कर लिया है। अब उनकी नजर 1 अगस्त को होने वाले फाइनल मुकाबले में स्वर्ण पदक जीतने पर होगी।

मैच के बाद प्रीति ने कहा कि उन्होंने अपनी रणनीति के अनुसार प्रदर्शन किया और अब उनका पूरा ध्यान फाइनल में गोल्ड मेडल जीतने पर है। खिताबी मुकाबले में उनका सामना कनाडा की स्कारलेट डेलगाडो से होगा।

हरियाणा के भिवानी की रहने वाली 22 वर्षीय प्रीति पवार पहली बार कॉमनवेल्थ गेम्स में हिस्सा ले रही हैं। उन्होंने इससे पहले ही एक खास उपलब्धि अपने नाम की है। खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर भारतीय सेना में जूनियर कमीशंड ऑफिसर (JCO) के रूप में सीधे नियुक्त होने वाली वह देश की पहली महिला खिलाड़ी हैं।

पढ़ाई में था मन, परिवार ने बनाई बॉक्सर

प्रीति का सपना शुरुआत में बॉक्सर बनने का नहीं था। 14 साल की उम्र तक उनका पूरा ध्यान पढ़ाई पर था। हालांकि पिता और चाचा के प्रोत्साहन पर उन्होंने मुक्केबाजी शुरू की। शुरुआती दौर में उन्हें पंच लगाने में भी कठिनाई होती थी, लेकिन लगातार अभ्यास के साथ यही खेल उनका जुनून बन गया।

उनके पिता सोमवीर पवार हरियाणा पुलिस में एएसआई हैं और पूर्व कबड्डी खिलाड़ी भी रह चुके हैं। वहीं उनके चाचा विनोद पवार, जो राष्ट्रीय स्तर के पूर्व मुक्केबाज हैं, आज भी उनके कोच हैं। परिवार की पहली ऐसी बेटी बनने का गौरव भी प्रीति को हासिल है, जिसने पेशेवर खेलों में करियर बनाया।

कॉमनवेल्थ गेम्स से पहले भी प्रीति पवार कई अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भारत का नाम रोशन कर चुकी हैं। वर्ष 2026 में उन्होंने एशियाई मुक्केबाजी चैंपियनशिप और ईयूबीसी गोल्ड ग्रां प्री में स्वर्ण पदक जीता। 2025 में वर्ल्ड बॉक्सिंग कप फाइनल का गोल्ड भी उनके नाम रहा। इसके अलावा एशियन गेम्स 2022 में उन्होंने कांस्य पदक हासिल किया था और पेरिस ओलंपिक 2024 में भी भारत का प्रतिनिधित्व कर चुकी हैं।

अब पूरा देश उम्मीद कर रहा है कि प्रीति पवार फाइनल में जीत दर्ज कर भारत की झोली में एक और स्वर्ण पदक डालें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *