Knews Desk– भारतीय क्रिकेट टीम 15 अगस्त से श्रीलंका के खिलाफ दो मैचों की टेस्ट सीरीज खेलने जा रही है। इस सीरीज पर जहां सभी की नजरें टीम इंडिया के प्रदर्शन पर होंगी, वहीं स्टार विकेटकीपर-बल्लेबाज केएल राहुल के पास इतिहास रचने का भी सुनहरा मौका होगा। राहुल इस दौरे पर एक ऐसी उपलब्धि हासिल करने के बेहद करीब हैं, जो आज तक सचिन तेंदुलकर, विराट कोहली, महेंद्र सिंह धोनी और रोहित शर्मा जैसे दिग्गज भी अपने नाम नहीं कर सके।
दरअसल, केएल राहुल अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 10,000 रन पूरे करने से सिर्फ 170 रन दूर हैं। उन्होंने अब तक टेस्ट, वनडे और टी20 इंटरनेशनल को मिलाकर 9,830 रन बनाए हैं। अगर श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट सीरीज में वह 170 रन और जोड़ लेते हैं तो 10 हजार अंतरराष्ट्रीय रन पूरे करने वाले भारत के चुनिंदा बल्लेबाजों की सूची में शामिल हो जाएंगे। हालांकि, इस उपलब्धि को खास बनाने वाली बात सिर्फ 10,000 रन नहीं, बल्कि इसे हासिल करने का उनका अनोखा तरीका है।केएल राहुल अब तक अपने पूरे अंतरराष्ट्रीय करियर में एक भी गेंद नहीं फेंकी है। यानी उन्होंने टीम इंडिया के लिए कभी गेंदबाजी नहीं की। यदि वह 10,000 रन का आंकड़ा पार कर लेते हैं तो वह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में बिना एक भी गेंद डाले 10 हजार रन बनाने वाले भारत के पहले खिलाड़ी बन जाएंगे। भारतीय क्रिकेट इतिहास में इससे पहले किसी बल्लेबाज ने ऐसा कारनामा नहीं किया है।सचिन तेंदुलकर, विराट कोहली, महेंद्र सिंह धोनी और रोहित शर्मा जैसे दिग्गज बल्लेबाजों ने अपने करियर में कभी न कभी गेंदबाजी जरूर की है। किसी ने कुछ ओवर डाले तो किसी ने विकेट भी हासिल किए। लेकिन राहुल ने अब तक अपने करियर में सिर्फ बल्लेबाजी और विकेटकीपिंग पर ही ध्यान दिया है। यही वजह है कि उनका यह संभावित रिकॉर्ड भारतीय क्रिकेट में एक अलग पहचान बनाएगा।
अगर बिना गेंदबाजी किए भारत के लिए सबसे ज्यादा अंतरराष्ट्रीय रन बनाने वाले खिलाड़ियों की बात करें तो इस सूची में केएल राहुल सबसे आगे हैं। उनके नाम 9,830 रन दर्ज हैं। दूसरे स्थान पर अजिंक्य रहाणे हैं, जिन्होंने 8,414 रन बनाए। इसके बाद ऋषभ पंत (5,637 रन), ईशान किशन (2,793 रन) और पूर्व विकेटकीपर फारुख इंजीनियर (2,725 रन) का नाम आता है।राहुल का अंतरराष्ट्रीय करियर भी काफी प्रभावशाली रहा है। उन्होंने अब तक 68 टेस्ट मैचों की 119 पारियों में 4,153 रन बनाए हैं। इस दौरान उनके बल्ले से 12 शतक और 20 अर्धशतक निकले हैं। टेस्ट क्रिकेट में उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन कई विदेशी दौरों पर देखने को मिला है, जहां उन्होंने मुश्किल परिस्थितियों में टीम इंडिया के लिए अहम पारियां खेलीं।
वनडे क्रिकेट में भी राहुल का रिकॉर्ड शानदार है। उन्होंने 98 मैचों की 90 पारियों में 3,412 रन बनाए हैं और उनका औसत 49.44 का है। इस फॉर्मेट में उनके नाम 8 शतक और 20 अर्धशतक दर्ज हैं। वहीं टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में उन्होंने 72 मैचों में 2,265 रन बनाए हैं, जिसमें 2 शतक और 22 अर्धशतक शामिल हैं।श्रीलंका के खिलाफ होने वाली टेस्ट सीरीज इसलिए भी अहम मानी जा रही है क्योंकि राहुल के पास न सिर्फ टीम इंडिया को जीत दिलाने का मौका होगा, बल्कि अपने नाम एक ऐसा रिकॉर्ड दर्ज कराने का भी अवसर होगा, जो भारतीय क्रिकेट इतिहास में अब तक कोई खिलाड़ी हासिल नहीं कर सका। अगर उनका बल्ला इस दौरे पर चला, तो श्रीलंका की धरती पर एक नया इतिहास लिखा जा सकता है।