राहुल गांधी के ‘Idiots’ और ‘Andhbhakts’ बयान पर बवाल, अनुराग ठाकुर ने दिया विशेषाधिकार हनन नोटिस

Knews Desk- लोकसभा में कांग्रेस सांसद राहुल गांधी की ओर से कथित तौर पर “Idiots” और “Andhbhakts” जैसे शब्दों के इस्तेमाल को लेकर सियासी विवाद गहरा गया है. बीजेपी सांसद अनुराग ठाकुर ने लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला को विशेषाधिकार हनन का नोटिस सौंपते हुए राहुल गांधी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है. उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी ने सदन की गरिमा के खिलाफ असंसदीय भाषा का इस्तेमाल किया और संसदीय नियमों का उल्लंघन किया.

अनुराग ठाकुर ने अपने नोटिस में कहा कि 29 जुलाई को लोकसभा में बहस के दौरान राहुल गांधी ने राजनीतिक विरोधियों, सरकार समर्थकों और नागरिकों के संदर्भ में “Idiots” और “Andhbhakts” जैसे शब्दों का प्रयोग किया. उनका आरोप है कि संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू के विरोध और चेयर की चेतावनी के बावजूद राहुल गांधी ने इन शब्दों को दोहराया, जो लोकसभा के नियम-352 का उल्लंघन है.

बीजेपी सांसद ने यह भी आरोप लगाया कि राहुल गांधी ने बिना पूर्व सूचना दिए गृह मंत्री अमित शाह पर गंभीर आरोप लगाए, जबकि संसदीय नियमों के अनुसार किसी मंत्री या सदस्य पर आरोप लगाने से पहले नोटिस देना आवश्यक होता है. उन्होंने कहा कि राहुल गांधी ने अपने आरोपों के समर्थन में कोई दस्तावेज या विश्वसनीय साक्ष्य भी सदन में पेश नहीं किया.

नोटिस में यह भी कहा गया है कि राहुल गांधी ने बहस के मूल विषय से हटकर एक छात्र से बातचीत का प्रसंग उठाया, जिससे सदन की कार्यवाही प्रभावित हुई. अनुराग ठाकुर का कहना है कि यह लोकसभा नियम-352(viii) का भी उल्लंघन है और इससे सदन के सुचारु संचालन में बाधा पहुंची.

बीजेपी सांसद ने लोकसभा अध्यक्ष से मांग की है कि इस मामले को नियम-222 के तहत विशेषाधिकार हनन का मामला मानते हुए स्वीकार किया जाए और नियम-227 के तहत विशेषाधिकार समिति को विस्तृत जांच के लिए भेजा जाए. साथ ही उन्होंने नियम-380 और 381 के तहत राहुल गांधी की विवादित टिप्पणियों को सदन की कार्यवाही से हटाने और राहुल गांधी से सदन तथा गृह मंत्री अमित शाह से बिना शर्त माफी मांगने के निर्देश देने की भी मांग की है.

अब इस मामले में लोकसभा अध्यक्ष के फैसले पर सभी की नजरें टिकी हैं. यदि नोटिस स्वीकार किया जाता है, तो विशेषाधिकार समिति पूरे मामले की जांच कर अपनी रिपोर्ट और आगे की कार्रवाई की सिफारिश कर सकती है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *