सावन में बदला स्कूल टाइम! उज्जैन में हर सोमवार छुट्टी, रविवार को होगी पढ़ाई

KNEWS DESK-सावन और भादौ महीने में भगवान महाकाल की साप्ताहिक सवारी के दौरान उमड़ने वाली भारी भीड़ को देखते हुए उज्जैन जिला प्रशासन ने बड़ा फैसला लिया है। कलेक्टर रोशन कुमार सिंह के निर्देश पर शिक्षा विभाग ने सवारी वाले प्रत्येक सोमवार को शहर के सभी सरकारी और निजी स्कूलों में अवकाश घोषित किया है। इसके बदले रविवार को नियमित कक्षाएं संचालित की जाएंगी, ताकि विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित न हो।

जिला शिक्षा अधिकारी महेंद्र खत्री के अनुसार, सावन के हर सोमवार लाखों श्रद्धालु बाबा महाकाल के दर्शन और साप्ताहिक सवारी में शामिल होने के लिए उज्जैन पहुंचते हैं। शाम के समय निकलने वाली भव्य सवारी के कारण शहर के प्रमुख मार्गों पर भारी भीड़ और यातायात का दबाव रहता है। ऐसे में विद्यार्थियों, अभिभावकों और आम लोगों को असुविधा से बचाने के लिए यह निर्णय लिया गया है।

शिक्षा विभाग ने सभी स्कूलों को आदेश जारी कर नई व्यवस्था लागू करने के निर्देश दिए हैं। अब जिन सोमवारों को महाकाल की सवारी निकलेगी, उन दिनों स्कूल बंद रहेंगे, जबकि उनकी भरपाई रविवार को नियमित पढ़ाई कराकर की जाएगी। प्रशासन का कहना है कि इससे शैक्षणिक सत्र भी प्रभावित नहीं होगा और विद्यार्थियों की सुरक्षा भी सुनिश्चित रहेगी।

प्रशासन का मानना है कि सोमवार को अवकाश रहने से छात्र-छात्राएं और उनके परिवार बिना किसी परेशानी के भगवान महाकाल के दर्शन कर सकेंगे और पारंपरिक सवारी में भी शामिल हो पाएंगे। इससे धार्मिक आयोजन के दौरान शहर में यातायात व्यवस्था बनाए रखने में भी मदद मिलेगी।

महाकाल की सवारी शाम 4 बजे महाकाल मंदिर के सभा मंडप में पूजा-अर्चना के बाद शुरू होगी। इसके बाद सवारी गुदरी चौराहा, बक्षी बाजार, कहारवाड़ी, रामघाट, रामानुजकोट, कार्तिक चौक, छत्री चौक, गोपाल मंदिर, पटनी बाजार और गुदरी बाजार होते हुए पुनः महाकाल मंदिर पहुंचेगी। प्रशासन ने अभिभावकों से नई समय-सारिणी का पालन करने और रविवार को बच्चों को विद्यालय भेजने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *