इंटीमेसी क्लॉज की वजह से निहारिका एनएम ने छोड़ी फिल्म, बोलीं- ‘मैं ऑन-स्क्रीन कम्फर्टेबल नहीं थी’

KNEWS DESK – कंटेंट क्रिएटर से एक्ट्रेस बनीं निहारिका एनएम इन दिनों अपनी बॉलीवुड डेब्यू फिल्म ‘भाई तेरा स्टार है’ को लेकर सुर्खियों में हैं। फिल्म में वह राघव जुयाल के साथ नजर आएंगी। रिलीज से पहले निहारिका ने अपने एक्टिंग करियर को लेकर कई अहम खुलासे किए हैं। उन्होंने बताया कि करियर की शुरुआत में उन्होंने एक बड़ी फिल्म सिर्फ इसलिए छोड़ दी थी क्योंकि उसमें इंटीमेसी क्लॉज शामिल था।

इंटीमेसी क्लॉज की वजह से छोड़ी फिल्म

हाल ही में दिए एक इंटरव्यू में निहारिका एनएम ने बताया कि उन्हें एक प्रतिष्ठित निर्देशक की फिल्म का ऑफर मिला था। ऑडिशन और लुक टेस्ट के बाद उन्हें फिल्म के लिए फाइनल भी कर लिया गया था। कॉन्ट्रैक्ट साइन करने के दौरान उन्हें पता चला कि फिल्म में इंटीमेट सीन की शर्त शामिल है।

निहारिका ने कहा कि उन्होंने साफ तौर पर मेकर्स को बता दिया था कि वह ऑन-स्क्रीन इंटीमेट सीन करने में सहज नहीं हैं। शुरुआत में मेकर्स ने बॉडी डबल का विकल्प सुझाया, लेकिन संबंधित अभिनेता इसके लिए तैयार नहीं हुए। आखिरकार हालात ऐसे बने कि निहारिका ने फिल्म छोड़ने का फैसला कर लिया।

‘एक्टिंग हमेशा मेरा सपना था’

निहारिका ने बताया कि सोशल मीडिया पर मजेदार वीडियो बनाना उनकी अंतिम मंजिल नहीं थी। उनका सपना हमेशा से अभिनय करना था।

उन्होंने कहा, “मैं तीन-चार साल पहले मुंबई आई थी। मैंने एक प्रोडक्शन हाउस के साथ करीब तीन साल तक ट्रेनिंग की। फिल्म स्कूल में पढ़ाई की और मेरा थिएटर बैकग्राउंड भी रहा है। मुझे हमेशा से एक्टिंग में दिलचस्पी थी और मैं इसी क्षेत्र में अपना करियर बनाना चाहती थी।”

बॉलीवुड के कुछ स्टैंडर्ड्स से थीं परेशान

निहारिका ने बताया कि शुरुआत में उन्होंने हिंदी फिल्म इंडस्ट्री में कई ऑडिशन दिए, लेकिन बाद में उन्होंने अपना फोकस साउथ सिनेमा की ओर कर लिया।

उनके मुताबिक, उन्हें महिलाओं के लिए तय किए गए कुछ मानकों से परेशानी थी। उन्होंने कहा कि उन्हें यह पसंद नहीं था कि किसी अभिनेत्री का चयन उसके लुक या स्किन टोन के आधार पर किया जाए। इसी वजह से उन्होंने दक्षिण भारतीय फिल्मों में अवसर तलाशने शुरू किए।

कॉन्ट्रैक्ट की वजह से छोड़ीं कई बड़ी फिल्में

निहारिका ने बताया कि बाद में उन्होंने निर्देशक कार्तिक सुब्बाराज के प्रोडक्शन हाउस स्टोन बेंच फिल्म्स के साथ तीन फिल्मों का कॉन्ट्रैक्ट साइन किया। इस दौरान उन्हें दक्षिण भारत की कई बड़ी फिल्मों के ऑफर मिले, लेकिन कॉन्ट्रैक्ट की वजह से वे उन फिल्मों का हिस्सा नहीं बन सकीं।

उन्होंने इसे अपने करियर का सबसे बड़ा अफसोस बताया, हालांकि कहा कि जिन कलाकारों ने वे फिल्में कीं, उनके लिए वह खुश हैं।

बॉलीवुड डेब्यू के लिए तैयार निहारिका

निहारिका एनएम ने 2023 में अमेरिकी एनिमेटेड सीरीज ‘Big Mouth’ के सातवें सीजन में गेस्ट वॉइस आर्टिस्ट के तौर पर अंतरराष्ट्रीय डेब्यू किया था। इसके बाद उन्होंने तमिल फिल्म ‘पेरुसु’ से अभिनय की शुरुआत की और फिर ‘मित्रा मंडली’ व ‘हृदयम मुरली’ जैसी फिल्मों में नजर आईं।

अब वह ‘भाई तेरा स्टार है’ से बॉलीवुड में डेब्यू करने जा रही हैं। विवेक बी. अग्रवाल के निर्देशन में बनी इस कॉमेडी-ड्रामा फिल्म में राघव जुयाल, संजय कपूर और निक्की वालिया भी अहम भूमिकाओं में हैं। यह फिल्म 30 जुलाई को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *