कौन हैं Indian Idol 16 की विनर ज्योतिर्मयी नायक? कैंसर मरीजों की करती थीं मदद, अब बनीं देश की नई सिंगिंग स्टार

KNEWS DESK – देश के सबसे लोकप्रिय सिंगिंग रियलिटी शो ‘इंडियन आइडल सीजन 16’ को अपना विजेता मिल गया है। ओडिशा की ज्योतिर्मयी नायक ने शानदार प्रदर्शन के दम पर ट्रॉफी अपने नाम कर ली। ग्रैंड फिनाले में दमदार गायकी से जजों और दर्शकों का दिल जीतने वाली ज्योतिर्मयी को विजेता ट्रॉफी के साथ 20 लाख रुपये का नकद पुरस्कार भी मिला। वहीं, जबलपुर के तनिष्क शुक्ला फर्स्ट रनर-अप रहे।

ओडिशा की पहली महिला बनीं इंडियन आइडल विजेता

24 वर्षीय ज्योतिर्मयी नायक भुवनेश्वर, ओडिशा की रहने वाली हैं। इंडियन आइडल का खिताब जीतने के साथ ही वह ओडिशा की पहली महिला गायिका बन गई हैं, जिन्होंने इस प्रतिष्ठित रियलिटी शो की ट्रॉफी अपने नाम की है।

इंजीनियरिंग की पढ़ाई, लेकिन चुना संगीत का रास्ता

ज्योतिर्मयी ने कंप्यूटर साइंस में बीटेक किया है। हालांकि, उनका दिल हमेशा संगीत में रमा रहा। उन्होंने संगीत को सिर्फ करियर नहीं, बल्कि लोगों की जिंदगी में सकारात्मक बदलाव लाने का माध्यम बनाया।

इंडियन आइडल में आने से पहले ज्योतिर्मयी एक प्रमाणित म्यूजिक थेरेपिस्ट के रूप में काम करती थीं। वह अपनी गायकी के जरिए कैंसर मरीजों और गर्भवती महिलाओं को मानसिक शांति और भावनात्मक सुकून देने का काम करती थीं। यही वजह है कि उनकी सफलता की कहानी लाखों लोगों को प्रेरित कर रही है।

पूरे सीजन में जजों की रहीं पसंदीदा

ज्योतिर्मयी ने पूरे सीजन में अपनी शास्त्रीय संगीत पर मजबूत पकड़, मधुर आवाज और भावपूर्ण प्रस्तुतियों से लगातार जजों और दर्शकों को प्रभावित किया। उनकी हर परफॉर्मेंस को खूब सराहना मिली।

शो के दौरान जब उन्होंने ‘ओ जब तक है जान’ गीत गाया, तो बॉलीवुड की दिग्गज अभिनेत्री हेमा मालिनी उनकी प्रस्तुति से इतनी प्रभावित हुईं कि सम्मान में खड़ी हो गईं। वहीं, अभिनेत्री लीना चंदावरकर ने भी उनकी गायकी की खुलकर तारीफ की।

फिनाले में ज्योतिर्मयी ने ‘सैंया ओ सैंया’ गीत को शास्त्रीय अंदाज में पेश किया। उनकी शानदार प्रस्तुति ने जज श्रेया घोषाल, कुमार सानू और बादशाह समेत पूरे देश का दिल जीत लिया। आखिरकार उन्होंने ट्रॉफी अपने नाम कर इतिहास रच दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *