Knews Desk- गुजरात में लगातार हो रही भारी बारिश ने कई जिलों में जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। राजकोट, वलसाड, अमरेली, भावनगर और मोरबी समेत कई इलाकों में बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। जगह-जगह जलभराव, वाहनों के बहने और मकानों-दुकानों में पानी घुसने की घटनाएं सामने आई हैं। कई स्थानों पर लोगों की मौत भी हुई है।
पिछले 24 घंटों में राजकोट जिले, जेतपुर शहर और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में तेज बारिश हुई, जिससे निचले इलाकों में पानी भर गया। वीरपुर के राधाकृष्ण सोसाइटी सहित कई रिहायशी इलाकों में घरों के अंदर तक बाढ़ का पानी पहुंच गया, जिससे लोगों को भारी परेशानी झेलनी पड़ी।
बाढ़ के तेज बहाव में बह गई इलेक्ट्रिक कार
वीरपुर में तेल होकरा नदी में आई बाढ़ के दौरान एक इलेक्ट्रिक कार पानी के तेज बहाव में बह गई। बताया जा रहा है कि कार में एक व्यक्ति मौजूद था। सूचना मिलते ही जेतपुर और गोंडल फायर ब्रिगेड, स्थानीय पुलिस और SDRF की टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू अभियान शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद कार को बाहर निकाल लिया गया, लेकिन कार सवार व्यक्ति के बारे में अभी तक स्पष्ट जानकारी नहीं मिल सकी है। प्रशासन उसकी तलाश में जुटा हुआ है।
लगातार हो रही बारिश को देखते हुए प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे नदी, नालों और जलभराव वाले रास्तों को पार करने की कोशिश न करें। अधिकारियों ने कहा है कि मौसम सामान्य होने तक सतर्क रहें और अनावश्यक यात्रा से बचें।
वलसाड जिले में दो दिनों से लगातार बारिश के कारण ओरंगा नदी उफान पर है। इसके चलते शहर के कई इलाकों में पानी भर गया। दाना बाजार और अनाज मंडी की कई दुकानें जलमग्न हो गईं, जिससे व्यापारियों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा। प्रभावित व्यापारी सरकार से मुआवजे की मांग कर रहे हैं।
कई जिलों में अलर्ट, बांधों के गेट खोले गए
अमरेली में भारी बारिश के बाद थेबी बांध के दो गेट खोलकर पानी छोड़ा गया है। प्रशासन ने आसपास के गांवों के लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। वहीं भावनगर जिले के पालिताना स्थित शत्रुंजी बांध के सभी 59 गेट खोलकर पानी छोड़ा जा रहा है क्योंकि बांध फिर से ओवरफ्लो हो गया है।
मोरबी जिले के वांकानेर क्षेत्र में जलभराव के कारण नेशनल हाईवे और सर्विस रोड पर करीब डेढ़ से दो फीट तक पानी भर गया। इससे वाहनों की आवाजाही रोकनी पड़ी। कई वाहन बीच सड़क में फंस गए, जिन्हें लोगों की मदद से बाहर निकाला गया।
लगातार जारी बारिश को देखते हुए प्रशासन ने प्रभावित जिलों में राहत और बचाव कार्य तेज कर दिए हैं। मौसम विभाग ने भी अगले कुछ समय तक भारी बारिश की संभावना जताई है, इसलिए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।