छात्र आंदोलन के बीच सोनू निगम का दिल्ली शो टला, बस्सी और सोहा अली खान ने भी बदले अपने कार्यक्रम

Knews Desk- राजधानी दिल्ली में जारी छात्र आंदोलन का असर अब मनोरंजन जगत पर भी साफ दिखाई देने लगा है। बॉलीवुड गायक सोनू निगम ने 25 जुलाई को होने वाला अपना दिल्ली कॉन्सर्ट स्थगित कर दिया है। वहीं कॉमेडियन अनुभव सिंह बस्सी ने भी अपना लाइव शो टाल दिया है और अभिनेत्री सोहा अली खान ने अपने पॉडकास्ट की रिलीज आगे बढ़ाने का फैसला किया है।

दिल्ली के द्वारका स्थित यशोभूमि कन्वेंशन सेंटर में 25 जुलाई को आयोजित होने वाला ‘BOSSitivity – Sonu Nigam Remembers Rafi’ कॉन्सर्ट अब तय तारीख पर नहीं होगा। यह कार्यक्रम महान गायक मोहम्मद रफी को समर्पित था। मौजूदा हालात को देखते हुए आयोजकों ने इसे स्थगित कर दिया है। टिकट बुकिंग प्लेटफॉर्म से कार्यक्रम की जानकारी भी हटा दी गई है और अब नई तारीख 15 अगस्त बताई जा रही है।

वायरल वीडियो के बाद आया फैसला

कॉन्सर्ट टलने की घोषणा ऐसे समय में हुई है जब हाल ही में सोनू निगम का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ था। एक कार्यक्रम के दौरान जब मीडिया ने उनसे छात्र आंदोलन और पेपर लीक मामले पर सवाल पूछे, तो उन्होंने बातचीत आगे बढ़ाने से इनकार करते हुए बार-बार “बस… बस…” कहा और वहीं चर्चा खत्म कर दी। हालांकि, उनके कॉन्सर्ट को आगे बढ़ाने के फैसले को कई लोग छात्रों के प्रति समर्थन के रूप में देख रहे हैं।

https://www.instagram.com/p/DbICLy8tgOO/?utm_source=ig_web_copy_link&igsh=MzRlODBiNWFlZA==

कॉमेडियन अनुभव सिंह बस्सी ने भी 25 जुलाई को तालकटोरा स्टेडियम में होने वाला अपना शो फिलहाल रद्द कर दिया है। उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट साझा करते हुए कहा कि जब छात्र अपनी मांगों को लेकर संघर्ष कर रहे हैं, तब मनोरंजन कार्यक्रम आयोजित करना उचित नहीं है। उन्होंने हल्के-फुल्के अंदाज में लिखा कि शो बाद में भी किया जा सकता है।

सोहा अली खान ने रोकी पॉडकास्ट रिलीज

अभिनेत्री सोहा अली खान ने भी अपने नए पॉडकास्ट की रिलीज फिलहाल टाल दी है। उन्होंने कहा कि मौजूदा समय में छात्रों की आवाज सबसे अहम है और वह उनके आंदोलन के प्रति सम्मान व्यक्त करते हुए अपनी रिलीज आगे बढ़ा रही हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *