बंगाल में बीजेपी की ऐतिहासिक जीत बनेगी मैनेजमेंट का पाठ, IIM कलकत्ता तैयार कर रहा केस स्टडी

2026 विधानसभा चुनाव में भाजपा की रणनीति, संगठन और नेतृत्व मॉडल का होगा अकादमिक विश्लेषण। सात प्रमुख पहलुओं के जरिए छात्रों को सिखाए जाएंगे मैनेजमेंट के गुर।

Knews Desk- पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 में भारतीय जनता पार्टी ने पहली बार राज्य में पूर्ण बहुमत हासिल कर सरकार बनाई। लंबे समय से सत्ता में रही ममता बनर्जी के नेतृत्व वाली सरकार को चुनाव में मात देने के बाद अब भाजपा की चुनावी रणनीति अकादमिक अध्ययन का विषय बनने जा रही है। यदि यह पहल आधिकारिक रूप से लागू होती है, तो IIM कलकत्ता इसके आधार पर एक विस्तृत मैनेजमेंट केस स्टडी तैयार करेगा, जिससे छात्रों को रणनीतिक प्रबंधन और नेतृत्व के व्यावहारिक पहलू समझाए जाएंगे।

IIM कलकत्ता के अनुसार, इस केस स्टडी में यह विश्लेषण किया जाएगा कि भाजपा ने किस तरह संगठनात्मक मजबूती, रणनीतिक योजना और जमीनी स्तर पर काम करके पश्चिम बंगाल जैसे चुनौतीपूर्ण राज्य में चुनावी सफलता हासिल की। इस अध्ययन का उद्देश्य केवल राजनीति का विश्लेषण नहीं, बल्कि उसे मैनेजमेंट और लीडरशिप के दृष्टिकोण से समझना होगा।

केस स्टडी में सात प्रमुख बिंदुओं को शामिल किया जाएगा—
  1. संगठनात्मक विकास: वर्षों की संगठनात्मक यात्रा और विस्तार की रणनीति।
  2. चुनावी प्रबंधन: बूथ स्तर तक माइक्रो प्लानिंग और व्यापक जनसंपर्क अभियान।
  3. रणनीतिक विश्लेषण: राजनीतिक परिस्थितियों का आकलन और उसके अनुरूप बनाई गई रणनीति।
  4. लीडरशिप और टीम वर्क: नेतृत्व, समन्वय और कार्यकर्ताओं के बीच तालमेल।
  5. ग्रासरूट कनेक्ट: आम लोगों तक पहुंच बनाने और स्थानीय मुद्दों को समझने की प्रक्रिया।
  6. विपक्ष की कमजोरियों का विश्लेषण: प्रतिद्वंद्वी दल की चुनौतियों को चुनावी रणनीति में कैसे शामिल किया गया।
  7. मैनेजमेंट सीख: पूरी चुनावी प्रक्रिया से मिलने वाले प्रबंधन और नेतृत्व के व्यावहारिक सबक।
कौन तैयार कर रहा है यह स्टडी?

संस्थान की ओर से जारी जानकारी के मुताबिक, इस केस स्टडी को IIM कलकत्ता के निदेशक आलोक कुमार राय, स्ट्रैटेजी ग्रुप की प्रोफेसर राम्या टी. वेंकटेश्वरन और ऑपरेशन्स ग्रुप के पूर्व प्रोफेसर बोधिब्रतो नाग मिलकर तैयार कर रहे हैं। इसका उद्देश्य छात्रों को रणनीति निर्माण, संगठनात्मक क्षमता और प्रभावी नेतृत्व जैसे विषयों को वास्तविक उदाहरणों के माध्यम से समझाना है।

दुनियाभर के संस्थानों तक पहुंचेगी स्टडी

स्टडी पूरी होने के बाद इसे IIM कलकत्ता केस रिसर्च सेंटर और आइवी पब्लिशिंग (Ivy Publishing) के सहयोग से प्रकाशित किया जाएगा। इसके बाद दुनिया भर के बिजनेस स्कूल और मैनेजमेंट संस्थान इसे अपने पाठ्यक्रम और शोध कार्यों में शामिल कर सकेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *