पटना में BJP-कांग्रेस कार्यकर्ताओं में झड़प, जमकर चले लाठी-डंडे और पत्थर, कई घायल

राहुल गांधी के प्रदर्शन के विरोध में BJP का मार्च, कांग्रेस दफ्तर के पास हुआ टकराव; वाहनों में तोड़फोड़ और पुलिसकर्मियों के घायल होने की भी खबर

Knews Desk- बिहार की राजधानी पटना में बुधवार को बीजेपी और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच जमकर बवाल हो गया। प्रधानमंत्री आवास के बाहर राहुल गांधी समेत विपक्षी नेताओं के प्रदर्शन के विरोध में बीजेपी की ओर से निकाले गए मार्च के दौरान दोनों दलों के कार्यकर्ता आमने-सामने आ गए। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों में मारपीट शुरू हो गई।

जानकारी के मुताबिक, बीजेपी कार्यकर्ता कुर्जी हॉस्पिटल से कांग्रेस प्रदेश कार्यालय सदाकत आश्रम तक मार्च निकाल रहे थे। इसी दौरान कांग्रेस कार्यालय के पास दोनों पक्षों के बीच झड़प हो गई। आरोप है कि इस दौरान लाठी-डंडे और पत्थर चले, जिसमें कई कार्यकर्ता घायल हो गए। कुछ लोगों के सिर में गंभीर चोटें आई हैं।

गाड़ियों में तोड़फोड़, इलाके में मचा हड़कंप

हंगामे के दौरान कुछ आक्रोशित कार्यकर्ताओं ने कई वाहनों के शीशे भी तोड़ दिए। अचानक हुए विवाद से मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। पुलिस ने किसी तरह दोनों पक्षों को अलग कर स्थिति को नियंत्रित किया।

कांग्रेस ने पुलिस पर लगाया पक्षपात का आरोप

कांग्रेस के बिहार प्रदेश अध्यक्ष राजेश राम ने इस घटना को लेकर पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि पुलिस की मिलीभगत से यह पूरा मामला हुआ और कार्रवाई एकतरफा की जा रही थी। वहीं बीजेपी कार्यकर्ताओं का आरोप है कि वे शांतिपूर्ण तरीके से आंदोलन करने पहुंचे थे, लेकिन कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उन पर हमला कर दिया।

बीजेपी कार्यकर्ताओं को ज्यादा चोट लगने का दावा

बताया जा रहा है कि इस झड़प में बीजेपी कार्यकर्ताओं की संख्या अधिक घायल हुई है। घायलों को तुरंत कुर्जी अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका इलाज किया गया। जरूरत पड़ने पर कुछ घायलों को दूसरे अस्पताल रेफर किया जा सकता है।

पुलिस ने कहा- दोषियों की पहचान कर होगी कार्रवाई

मौके पर मौजूद पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, बीजेपी कार्यकर्ताओं ने बिना पूर्व सूचना के मार्च निकाला था। पुलिस ने पहुंचकर हालात को संभाला। अधिकारियों ने बताया कि पत्थरबाजी में कुछ लोग घायल हुए हैं और कुछ पुलिसकर्मियों को भी चोटें आई हैं। पूरे मामले की जांच की जा रही है और वीडियो फुटेज के आधार पर दोषियों की पहचान कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *