प्रेमी के लिए पति बना बोझ, सुनीता ने रची खौफनाक साजिश… 11 महीने बाद खुला हत्या का राज

Knews Desk- महाराष्ट्र के नवी मुंबई से एक सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है। यहां एक महिला ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर पति की बेरहमी से हत्या कर दी। आरोप है कि पति को रास्ते से हटाने के बाद दोनों ने शव के टुकड़े कर जंगल में फेंक दिए। करीब 11 महीने तक यह मामला रहस्य बना रहा, लेकिन एक सुराग ने पूरी साजिश का पर्दाफाश कर दिया।

मामला ऐरोली इलाके का है, जहां बलीराम सूर्यनाथ कुशवाह अपनी पत्नी सुनीता और बच्चों के साथ रहते थे। 11 महीने पहले बलीराम अचानक लापता हो गए थे। परिवार और पुलिस लंबे समय तक उनकी तलाश करते रहे, लेकिन कोई ठोस सुराग नहीं मिल पाया।

जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि बलीराम की पत्नी सुनीता के राहुल दशरथ प्रजापति नाम के युवक से कथित तौर पर संबंध थे। पुलिस के मुताबिक, बलीराम दोनों के रिश्ते में बाधा बन रहे थे, जिसके बाद सुनीता और राहुल ने मिलकर उनकी हत्या की योजना बनाई।

आरोप है कि वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों ने कटर की मदद से शव के तीन टुकड़े किए और पहचान छिपाने के लिए उन्हें ऐरोली की गवली देव पहाड़ी के जंगलों में अलग-अलग जगहों पर फेंक दिया। इसके बाद दोनों सामान्य जिंदगी जीते रहे और किसी को भनक तक नहीं लगी।

11 महीने बाद खुला राज

करीब 11 महीने बाद बलीराम के भाई को मामले पर शक हुआ। उन्होंने रबाले MIDC पुलिस थाने में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद पुलिस ने नए सिरे से जांच शुरू की। कॉल डिटेल, मोबाइल लोकेशन और अन्य सबूतों के आधार पर पुलिस सुनीता और राहुल तक पहुंच गई।

पूछताछ में दोनों आरोपियों ने कथित तौर पर अपना अपराध स्वीकार कर लिया। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर आगे की जांच शुरू कर दी है।

गौरतलब है कि हाल के दिनों में महाराष्ट्र में रिश्तों को शर्मसार करने वाले कई मामले सामने आए हैं। पुणे के केतन अग्रवाल हत्याकांड के बाद अब नवी मुंबई के इस मामले ने भी लोगों को हैरान कर दिया है। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *