WhatsApp New Feature: WhatsApp का बड़ा अपडेट, अब iPhone यूजर्स बिना iCloud के भी सेव कर सकेंगे चैट्स

KNEWS DESK- आईफोन यूजर्स के लिए WhatsApp जल्द ही एक बड़ा बदलाव लेकर आ सकता है। अभी तक iPhone में WhatsApp चैट का बैकअप लेने के लिए Apple की iCloud स्टोरेज सर्विस का इस्तेमाल करना पड़ता है। लेकिन अब कंपनी एक ऐसे फीचर पर काम कर रही है, जिससे यूजर्स को चैट बैकअप के लिए iCloud पर पूरी तरह निर्भर नहीं रहना पड़ेगा।

रिपोर्ट्स के मुताबिक, WhatsApp अपने यूजर्स के लिए अलग क्लाउड बैकअप सुविधा तैयार कर रहा है। इस फीचर के आने के बाद iPhone यूजर्स अपनी WhatsApp चैट को सीधे WhatsApp की बैकअप सर्विस पर स्टोर कर सकेंगे। इससे iCloud की सीमित स्टोरेज को बचाने में मदद मिल सकती है।

iPhone यूजर्स को मिल सकते हैं बैकअप के दो विकल्प

WhatsApp के नए फीचर पर नजर रखने वाली वेबसाइट WABetaInfo की रिपोर्ट के अनुसार, कंपनी iOS के लिए एक नए बैकअप ऑप्शन पर काम कर रही है। यह फीचर iOS बीटा वर्जन 26.28.10.16 में देखा गया है। इस नए विकल्प के आने के बाद यूजर्स के पास चैट बैकअप के लिए दो ऑप्शन हो सकते हैं। Apple iCloud बैकअप WhatsApp की खुद की बैकअप सर्विस फिलहाल iCloud डिफॉल्ट बैकअप ऑप्शन बना रहेगा, लेकिन यूजर्स अपनी जरूरत के हिसाब से WhatsApp बैकअप सर्विस को चुन सकेंगे। जरूरत पड़ने पर वे दोबारा iCloud बैकअप पर भी वापस जा पाएंगे।

WhatsApp देगा फ्री क्लाउड स्टोरेज की सुविधा

रिपोर्ट्स के अनुसार, WhatsApp चैट बैकअप के लिए करीब 2GB तक फ्री क्लाउड स्टोरेज उपलब्ध करा सकता है। इससे उन यूजर्स को फायदा मिलेगा जिनका iCloud स्टोरेज WhatsApp बैकअप की वजह से जल्दी भर जाता है। दरअसल, Apple अपने यूजर्स को 5GB फ्री iCloud स्टोरेज देता है। इसमें फोटो, फाइल, डिवाइस बैकअप और ऐप्स का डेटा भी शामिल होता है। ऐसे में बड़े WhatsApp बैकअप के कारण iCloud की जगह जल्दी खत्म हो जाती है और यूजर्स को अतिरिक्त स्टोरेज खरीदना पड़ता है।

बड़े बैकअप के लिए आ सकता है पेड प्लान

WhatsApp उन यूजर्स के लिए पेड क्लाउड स्टोरेज प्लान भी ला सकता है, जिन्हें ज्यादा स्टोरेज की जरूरत होगी। रिपोर्ट्स में दावा किया जा रहा है कि कंपनी ज्यादा स्टोरेज वाले विकल्पों पर काम कर रही है। इसमें 1TB तक का स्टोरेज विकल्प और करीब 50GB का प्लान शामिल हो सकता है। 50GB प्लान की कीमत लगभग 0.99 डॉलर प्रति महीने यानी करीब 95 रुपये के आसपास हो सकती है।

WhatsApp की खास बात यह है कि कंपनी यूजर्स की प्राइवेसी को ध्यान में रखते हुए चैट बैकअप को सुरक्षित रखने पर जोर दे रही है। नए क्लाउड बैकअप फीचर में भी एंड-टू-एंड एन्क्रिप्शन की सुरक्षा मिलने की उम्मीद है, जिससे यूजर्स का निजी डेटा सुरक्षित रह सकेगा।

फिलहाल टेस्टिंग में है फीचर

अभी यह नया बैकअप फीचर डेवलपमेंट स्टेज में है और इसे सार्वजनिक बीटा टेस्टिंग के लिए जारी नहीं किया गया है। कंपनी आने वाले समय में इसकी टेस्टिंग शुरू कर सकती है।

अगर यह फीचर सभी यूजर्स के लिए रोलआउट होता है तो iPhone यूजर्स को WhatsApp चैट बैकअप के लिए ज्यादा सुविधा मिलेगी और iCloud स्टोरेज की समस्या से भी काफी हद तक राहत मिल सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *