Knews Desk– लखनऊ के बीकेटी थाना क्षेत्र में गुरुवार शाम करीब 7 बजे रामसागर मिश्र 100 बेड अस्पताल के पास एक सड़क हादसा हो गया। सीतापुर की ओर से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने यू-टर्न ले रही स्कॉर्पियो और पास से गुजर रही बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार डिलीवरी मैन और उसका भाई घायल हो गए, जबकि स्कॉर्पियो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। टक्कर के बाद ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खाई में जा गिरा।
पुलिस के मुताबिक, भैंसामऊ निवासी संजय यादव अपनी स्कॉर्पियो (UP32NC1030) से घर लौट रहे थे। उनके साथ महिंगवां निवासी सुनील कुमार भी मौजूद थे। दोनों शहर से वापस लौटते समय अस्पताल के पास यू-टर्न ले रहे थे, तभी सीतापुर से लखनऊ की ओर आ रहे ट्रक (UP78CT5001) ने पीछे से स्कॉर्पियो में जोरदार टक्कर मार दी।
इसी दौरान ट्रक की चपेट में एक मोटरसाइकिल (UP32CJ3213) भी आ गई, जिस पर डिलीवरी मैन और उसका भाई सवार थे। हादसे में दोनों घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटवाया और मामले की जांच शुरू कर दी है।

दोनों घायल बाराबंकी के रहने वाले
मोटरसाइकिल पर सवार राम त्रिवेदी और उनके भाई श्याम त्रिवेदी इस दुर्घटना में घायल हुए। दोनों मूल रूप से बाराबंकी के हैदरगढ़ क्षेत्र के निवासी हैं और वर्तमान में बीकेटी के देवरी रुखारा में रहते हैं। श्याम त्रिवेदी ऑनलाइन डिलीवरी कंपनी जेप्टो में कार्यरत हैं और डिलीवरी लेने लखनऊ जा रहे थे।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया, जहां उनकी हालत सामान्य बताई गई है। पुलिस ने क्रेन की मदद से ट्रक को खाई से बाहर निकाला और यातायात को सामान्य किया। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया।