मां तुझे सलाम-वंदे मातरम से लेकर शिव तांडव तक… मेलबर्न में PM मोदी का भव्य स्वागत

Knews Desk- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ऑस्ट्रेलिया दौरे के दौरान मेलबर्न में उनका जोरदार स्वागत किया गया। भारतीय समुदाय के लोगों ने ‘मोदी-मोदी’ और ‘वंदे मातरम’ के नारों के साथ पीएम मोदी का अभिनंदन किया। भारतीय संस्कृति और दोनों देशों के बीच मजबूत रिश्तों की झलक उस समय देखने को मिली, जब ऑस्ट्रेलियन-इंडियन कलाकारों ने संगीत और नृत्य की शानदार प्रस्तुतियां दीं।

तीन देशों की यात्रा के दूसरे चरण में प्रधानमंत्री मोदी बुधवार को ऑस्ट्रेलिया पहुंचे। मेलबर्न पहुंचने पर उनका स्वागत भारतीय परंपराओं और ऑस्ट्रेलियाई संस्कृति के अनोखे संगम के साथ किया गया। ऑस्ट्रेलियन-इंडियन 10-पीस सिम्फनी ऑर्केस्ट्रा ने पीएम मोदी के स्वागत में देशभक्ति गीत ‘मां तुझे सलाम’ की भावपूर्ण प्रस्तुति दी। इसके साथ ही राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम’ की धुन ने माहौल को देशभक्ति से भर दिया।

कार्यक्रम में भारतीय और ऑस्ट्रेलियाई संस्कृति का खूबसूरत मेल भी देखने को मिला। कलाकारों ने ऑस्ट्रेलिया के प्राचीन आदिवासी वाद्ययंत्र ‘डिजेरिडू’ और भारत के पारंपरिक वाद्ययंत्र तबले का खास फ्यूजन पेश किया। इस प्रस्तुति ने दोनों देशों की सांस्कृतिक विरासत और आपसी जुड़ाव को दर्शाया।

कत्थक और शिव तांडव की शानदार प्रस्तुति

मेलबर्न की प्रसिद्ध डांसर संचिता अब्रोल के नेतृत्व में पीएम मोदी के सामने कत्थक नृत्य की विशेष प्रस्तुति दी गई। इस प्रस्तुति में भारतीय आध्यात्मिक परंपरा की झलक दिखाई गई। कार्यक्रम की शुरुआत ‘असतो मा सद्गमय’ से हुई और इसके बाद भगवान शिव के ब्रह्मांडीय नृत्य ‘शिव तांडव’ को प्रस्तुत किया गया।

शिव तांडव की प्रस्तुति में सृजन, विनाश और पुनर्निर्माण की आध्यात्मिक अवधारणा को दर्शाया गया। अंत में ‘ओम नमः शिवाय’ के उच्चारण के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। इस दौरान पीएम मोदी कलाकारों की प्रस्तुति से काफी प्रभावित नजर आए।

PM मोदी ने कलाकारों की सराहना की

पीएम मोदी ने ऑस्ट्रेलिया-इंडिया ऑर्केस्ट्रा द्वारा प्रस्तुत ‘मां तुझे सलाम’ की तारीफ करते हुए कहा कि संगीत लोगों को जोड़ने का काम करता है। उन्होंने कहा कि यह प्रस्तुति दोनों देशों के लोगों के बीच मजबूत रिश्तों को खूबसूरती से दर्शाती है।

उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के प्राचीन डिजेरिडू और भारत के तबले की संयुक्त प्रस्तुति को भी सराहा। पीएम मोदी ने कहा कि इन दोनों वाद्ययंत्रों का तालमेल भारत और ऑस्ट्रेलिया के गहरे सांस्कृतिक संबंधों का प्रतीक है। उन्होंने संगीत परंपराओं को बढ़ावा देने के लिए कलाकारों के प्रयासों की प्रशंसा की।

भारतीय समुदाय ने किया भव्य स्वागत

मेलबर्न स्थित होटल पहुंचने पर भारतीय समुदाय के लोगों ने पीएम मोदी का गर्मजोशी से स्वागत किया। लोगों ने ‘मोदी-मोदी’ और ‘वंदे मातरम’ के नारे लगाए। पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि मेलबर्न का मौसम भले ही ठंडा हो, लेकिन भारतीय समुदाय से मिला स्वागत बेहद गर्मजोशी भरा और यादगार रहा।

उन्होंने कहा कि भारतीय समुदाय का स्नेह और भारत के साथ उनका मजबूत जुड़ाव हमेशा खुशी और गर्व का विषय है।

भारत-ऑस्ट्रेलिया संबंधों को मजबूत करने पर जोर

ऑस्ट्रेलिया यात्रा के दौरान पीएम मोदी अपने समकक्ष एंथनी अल्बानीज के साथ द्विपक्षीय वार्ता करेंगे। विदेश मंत्रालय के अनुसार, दोनों नेता भारत-ऑस्ट्रेलिया व्यापक रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करने के लिए विभिन्न मुद्दों पर चर्चा करेंगे।

पीएम मोदी ने कहा कि यह यात्रा दोनों देशों के बीच सहयोग को नई दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। ऑस्ट्रेलिया के बाद प्रधानमंत्री अपनी यात्रा के अंतिम चरण में न्यूजीलैंड जाएंगे, जहां वे द्विपक्षीय संबंधों को आगे बढ़ाने पर चर्चा करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *