मुंबई में भारी बारिश ने मचाया कहर, मेनहोल में गिरे बुजुर्ग की 4 घंटे बाद मिली लाश, हंगामे के बाद BMC ने की कार्रवाई

Knews Desk- गुरुवार को मुंबई में भारी बारिश के दौरान एक 61 साल के बुजुर्ग की मेनहोल में गिरने से मौत हो गई. यह घटना दोपहर करीब 12:30 बजे खैरानी रोड पर हुई.

मेनहोल में गिरने से गई जान

भारी बारिश के बीच मुंबई में एक दिल दहला देने वाला हादसा सामने आया, जहां एक बुजुर्ग की मेनहोल में गिरने से मौत हो गई। यह घटना उस सड़क पर हुई जो अंधेरी-साकीनाका और जोगेश्वरी के पश्चिमी उपनगरों को कुर्ला और घाटकोपर के मध्य इलाकों से जोड़ती है। बताया जा रहा है कि हादसे के समय बुजुर्ग अपने मोबाइल फोन पर बात कर रहे थे, तभी वे खुले मेनहोल में गिर पड़े और उनकी जान चली गई।

सुरक्षा नियमों की अनदेखी के चलते मेनहोल खुला रहा

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, घटना स्थल पर मेनहोल में लोहे की जाली लगाने का कार्य चल रहा था। आरोप है कि काम के दौरान कर्मचारियों ने सुरक्षा मानकों का गंभीर उल्लंघन किया और मेनहोल को खुला ही छोड़ दिया। न तो उसके आसपास कोई बैरिकेडिंग की गई थी और न ही कोई चेतावनी संकेत लगाया गया था। कर्मचारी मौके पर मौजूद थे, लेकिन खुले मेनहोल को सुरक्षित करने के लिए आवश्यक कदम नहीं उठाए गए।

इसी दौरान 61 वर्षीय असलम शेख वहां से गुजर रहे थे। खुले मेनहोल का अंदाजा न लग पाने के कारण वे उसमें गिर गए। हादसे की जानकारी मिलते ही पुलिस, दमकल विभाग और अन्य बचाव टीमें मौके पर पहुंचीं। करीब 3 से 4 घंटे तक चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद उनका शव बाहर निकाला जा सका।

गैर इरादतन हत्या का केस दर्ज करने की मांग

वही विधानभवन में इस घटना पर बीजेपी नेता अमित साटम ने सरकारी अधिकारियो को ना सिर्फ निलंबित करने की मांग की है बल्कि उनपर गैर इरादतन हत्या का केस लगाने की भी मांग की है .

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाया जा रहा है कि सुरक्षा मानकों की अनदेखी के लिए कौन जिम्मेदार है. स्थानीय लोग दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं.

बीएमसी ने अपनी बात मे कहीं मुआवजे की बात

इस हादसे के बाद नगर आयुक्त ने मामले की जांच के लिए एक समिति गठित करने के निर्देश दिए हैं। एल वार्ड के सहायक आयुक्त धनाजी हेरलेकर, सहायक/उप अभियंता दीपक चौगुले, कनिष्ठ अभियंता अभिजीत चौगुले और सहायक अभियंता उत्तम पाटील को जांच पूरी होने तक निलंबित कर दिया गया है। साथ ही बीएमसी ने मृतक के परिजनों को 10 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है।

जांच समिति यह पता लगाएगी कि हादसा किन हालातों में हुआ, इसके लिए कौन जिम्मेदार है और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए क्या सुधार किए जा सकते हैं। इसके अलावा बीएमसी ने सभी मेनहोल कार्यों के दौरान चारों ओर अनिवार्य रूप से बैरिकेडिंग लगाने के निर्देश दोबारा जारी किए हैं।

साथ ही अगले आठ दिनों के भीतर मुंबई महानगरपालिका क्षेत्र के सभी मेनहोल का शत-प्रतिशत सुरक्षा निरीक्षण करने का आदेश दिया गया है। सभी अतिरिक्त नगर आयुक्तों, सातों प्रशासनिक परिमंडलों के उप आयुक्तों और 26 वार्डों के सहायक आयुक्तों को इसकी विस्तृत रिपोर्ट तैयार कर सौंपने के निर्देश भी दिए गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *