Knews Desk- भारतीय सिनेमा के सबसे सफल और सम्मानित फिल्मकारों में से एक राजकुमार हिरानी की फिल्म ‘संजू’ को रिलीज हुए 8 साल पूरे हो गए हैं। यह फिल्म न केवल बॉक्स ऑफिस पर ब्लॉकबस्टर साबित हुई, बल्कि अपने दमदार कंटेंट और शानदार अभिनय के लिए आज भी दर्शकों के बीच खास जगह बनाए हुए है।

राजकुमार हिरानी, जो अपनी हर फिल्म से दर्शकों को भावनात्मक और मनोरंजक अनुभव देने के लिए जाने जाते हैं, उन्होंने ‘संजू’ के जरिए अभिनेता संजय दत्त के जीवन के अनछुए और विवादित पहलुओं को बड़े पर्दे पर पेश किया। फिल्म में दिखाया गया कि किस तरह संजय दत्त ने अपने जीवन में संघर्ष, विवाद और पारिवारिक विरासत के दबावों का सामना किया। इस फिल्म की सबसे बड़ी ताकत रणबीर कपूर का शानदार अभिनय माना जाता है। उन्होंने संजय दत्त के किरदार को इतने प्रभावी तरीके से निभाया कि दर्शक असली और रील लाइफ के बीच फर्क करना भूल गए। रणबीर की यह परफॉर्मेंस उनके करियर की सबसे बेहतरीन भूमिकाओं में से एक मानी जाती है।
फिल्म की 8वीं वर्षगांठ के मौके पर इसके मेकर्स ने सोशल मीडिया पर एक खास वीडियो साझा किया है। इसके साथ उन्होंने भावुक कैप्शन भी लिखा— “एक इंसान। कई जिंदगियां। मुस्कुराने की इतनी सारी वजहें। #Sanju के 8 साल का जश्न मना रहे हैं।” ‘संजू’ एक बायोग्राफिकल कॉमेडी-ड्रामा फिल्म थी, जिसमें संजय दत्त की जिंदगी के उतार-चढ़ाव को गहराई से दिखाया गया। फिल्म में उनके निजी जीवन, पारिवारिक रिश्तों, कानूनी परेशानियों और मीडिया ट्रायल जैसे पहलुओं को भी बेहद प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया गया था।
रणबीर कपूर के अलावा फिल्म में कई बड़े कलाकारों ने महत्वपूर्ण भूमिकाएं निभाईं। विक्की कौशल, परेश रावल, अनुष्का शर्मा, दीया मिर्जा, मनीषा कोइराला, करिश्मा तन्ना, जिम सरभ और सोनम कपूर जैसे कलाकारों ने अपनी दमदार परफॉर्मेंस से फिल्म को और मजबूत बनाया। फिल्म का निर्देशन राजकुमार हिरानी ने अपने खास अंदाज में किया था, जिसमें इमोशन, ड्रामा और ह्यूमर का बेहतरीन संतुलन देखने को मिला। यही वजह रही कि ‘संजू’ ने न सिर्फ दर्शकों का दिल जीता बल्कि आलोचकों से भी सराहना हासिल की।
बॉक्स ऑफिस पर यह फिल्म एक बड़ी सफलता साबित हुई। यह 2018 की दूसरी सबसे ज्यादा कमाई करने वाली भारतीय फिल्म बनी और उस साल की सबसे बड़ी हिंदी फिल्म के रूप में उभरी। इसके साथ ही फिल्म का म्यूजिक एल्बम भी बेहद लोकप्रिय रहा, जिसमें “कर हर मैदान फतेह”, “बाबा बोलता है बस हो गया” और “मैं बढ़िया तू भी बढ़िया” जैसे गाने खूब पसंद किए गए। 8 साल बाद भी ‘संजू’ आज भी भारतीय सिनेमा की उन चुनिंदा फिल्मों में शामिल है, जिसने बायोपिक जॉनर को एक नई पहचान दी और दर्शकों पर गहरी छाप छोड़ी।