डिजिटल डेस्क- कानपुर मेट्रो से सफर करने वाले यात्रियों के लिए एक बेहद जरूरी सूचना है। इस रविवार को IIT से कानपुर सेंट्रल स्टेशन तक मेट्रो रेल सेवाएं पूरी तरह से बंद रहेंगी। मेट्रो प्रशासन ने यह फैसला कॉरिडोर-1 (IIT से नौबस्ता) की फाइनल इंटीग्रेटेड टेस्टिंग के मद्देनजर लिया है। नौबस्ता तक मेट्रो संचालन शुरू करने की प्रक्रिया का यह अंतिम और सबसे महत्वपूर्ण चरण है, जिसके तहत पूरे कॉरिडोर के सिग्नलिंग सिस्टम, ट्रैक, विद्युत व्यवस्था और अन्य तकनीकी प्रणालियों की व्यापक जांच की जाएगी। सुरक्षा मानकों को पुख्ता करने के लिए इस दौरान यात्री सेवाएं पूरी तरह स्थगित रखने का निर्णय लिया गया है।
हजारों यात्री होंगे प्रभावित, मौजूदा रूट पर हैं 14 स्टेशन
मेट्रो सेवाएं बंद रहने से रविवार को यात्रा करने वाले हजारों लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ सकता है। सामान्य दिनों में इस रूट पर करीब 20 से 25 हजार यात्री सफर करते हैं, जबकि रविवार को भी यह संख्या लगभग 15 से 18 हजार रहती है। मौजूदा समय में कानपुर मेट्रो IIT से कानपुर सेंट्रल स्टेशन के बीच कुल 14 स्टेशनों पर संचालित होती है। इनमें IIT, कल्याणपुर, एसपीएम हॉस्पिटल, विश्वविद्यालय, गुरुदेव चौराहा, गीता नगर, रावतपुर, एलएलआर अस्पताल, मोतीझील, चुन्नीगंज, नवीन मार्केट, बड़ा चौराहा, नयागंज और कानपुर सेंट्रल स्टेशन शामिल हैं।
कानपुर सेंट्रल से नौबस्ता तक मेट्रो शुरू करने की तैयारी अंतिम चरण में
कॉरिडोर-1 के बचे हुए हिस्से (कानपुर सेंट्रल से नौबस्ता) तक यात्री सेवाएं शुरू करने की तैयारी अब अपने अंतिम पड़ाव पर है। इसी कड़ी में मेट्रो रेल सुरक्षा आयुक्त (CMRS) नीलाभ्रा सेनगुप्ता ने अपनी पांच सदस्यीय टीम के साथ तीन दिवसीय अनिवार्य सुरक्षा निरीक्षण शुरू कर दिया है। यूपीएमआरसी (UPMRC) के अधिकारियों के साथ बैठक के बाद, CMRS ने मोटर ट्रॉली के माध्यम से कानपुर सेंट्रल और झकरकटी के बीच डाउनलाइन टनल और ट्रैक का विस्तृत जायजा लिया। इस दौरान झकरकटी स्टेशन पर एस्केलेटर, फायर अलार्म सिस्टम, आपातकालीन सुरक्षा उपकरण और यात्री सुविधाओं की बारीकी से जांच की गई, जो नए सेक्शन पर कमर्शियल रन शुरू करने के लिए बेहद जरूरी है।
विस्तार के बाद जुड़ेंगे 7 नए स्टेशन, कुल 21 स्टेशनों का होगा कॉरिडोर
वर्तमान में लगभग 23.50 किलोमीटर लंबे कॉरिडोर-1 के करीब 15 किलोमीटर हिस्से (IIT से कानपुर सेंट्रल) में मेट्रो दौड़ रही है। आगामी नए विस्तार के बाद इस रूट में झकरकटी, ट्रांसपोर्ट नगर, बारादेवी, किदवई नगर, वसंत विहार, बौद्ध नगर और नौबस्ता सहित 7 नए स्टेशन और जुड़ जाएंगे। इन नए स्टेशनों के शुरू होते ही कॉरिडोर-1 पर मेट्रो स्टेशनों की कुल संख्या बढ़कर 21 हो जाएगी, जिससे शहर के एक बड़े हिस्से को जाम से बड़ी राहत मिलेगी।