महाराष्ट्र TET 2026 पेपर लीक, परीक्षा से एक दिन पहले बड़ा फैसला, एग्जाम स्थगित

Knews Desk- महाराष्ट्र में एक बार फिर परीक्षा प्रणाली पर सवाल खड़े हो गए हैं। टीचर एलिजिबिलिटी टेस्ट (TET) 2026 का प्रश्न पत्र परीक्षा से महज 24 घंटे पहले कथित तौर पर लीक होने के बाद राज्य सरकार और परीक्षा एजेंसियों में हड़कंप मच गया। मामला सामने आने के बाद महाराष्ट्र राज्य परीक्षा परिषद (MSCE), पुणे ने 28 जून 2026 को आयोजित होने वाली TET परीक्षा को अगले आदेश तक स्थगित कर दिया है। इस फैसले से राज्यभर के लगभग 4.28 लाख अभ्यर्थी प्रभावित हुए हैं, जो शिक्षक बनने के लिए इस परीक्षा का इंतजार कर रहे थे।जानकारी के मुताबिक, TET परीक्षा 28 जून को महाराष्ट्र के 1,028 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की जानी थी। परीक्षा की तैयारियां पूरी हो चुकी थीं और सुरक्षा के भी कड़े इंतजाम किए गए थे। खासकर NEET जैसी परीक्षाओं में सामने आए कथित पेपर लीक मामलों के बाद इस बार अतिरिक्त सतर्कता बरती जा रही थी। इसके बावजूद परीक्षा से एक दिन पहले प्रश्न पत्र लीक होने की सूचना ने पूरे सिस्टम को झकझोर कर रख दिया।

बताया जा रहा है कि भिवंडी पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ लोगों के पास TET परीक्षा से जुड़े सवाल मौजूद हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने शनिवार सुबह छापेमारी की। जांच के दौरान कुछ संदिग्धों के पास ऐसे प्रश्न मिले, जो आधिकारिक प्रश्न पत्र से मेल खाते थे। इसके बाद महाराष्ट्र राज्य परीक्षा परिषद के अधिकारियों ने तत्काल दस्तावेजों की जांच की और पुष्टि की कि बरामद किए गए कुछ सवाल वास्तविक प्रश्न पत्र का हिस्सा थे।मामले की गंभीरता को देखते हुए परिषद ने तुरंत परीक्षा स्थगित करने का फैसला लिया। परिषद ने अपने आधिकारिक बयान में कहा कि परीक्षा को पूरी तरह पारदर्शी, निष्पक्ष और सुरक्षित तरीके से आयोजित करना उसकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसलिए जब तक पूरे मामले की जांच पूरी नहीं हो जाती, तब तक परीक्षा आयोजित नहीं की जाएगी।

इस मामले में भिवंडी पुलिस स्टेशन में एफआईआर दर्ज कर ली गई है और जांच एजेंसियां पेपर लीक के पीछे शामिल लोगों की तलाश में जुट गई हैं। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि प्रश्न पत्र कैसे बाहर आया, इसमें किन लोगों की भूमिका रही और क्या यह किसी संगठित गिरोह का काम है। अधिकारियों का कहना है कि जांच के आधार पर जल्द ही आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।महाराष्ट्र राज्य परीक्षा परिषद ने यह भी स्पष्ट किया है कि परीक्षा की नई तारीख फिलहाल तय नहीं की गई है। नई परीक्षा तिथि और आगे की सभी जानकारी परिषद की आधिकारिक वेबसाइट पर जारी की जाएगी। उम्मीदवारों से अपील की गई है कि वे किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें और केवल आधिकारिक सूचना पर भरोसा करें।

यह पहली बार नहीं है जब महाराष्ट्र में TET परीक्षा पेपर लीक का मामला सामने आया हो। साल 2025 में भी कोल्हापुर से TET प्रश्न पत्र लीक होने का मामला सामने आया था। उस घटना के बाद परीक्षा प्रक्रिया और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कई सवाल उठे थे। अब एक बार फिर वैसी ही घटना सामने आने से परीक्षा प्रणाली की विश्वसनीयता पर सवाल खड़े हो गए हैं।लगातार हो रही पेपर लीक की घटनाओं से लाखों छात्रों का भविष्य प्रभावित हो रहा है। अभ्यर्थियों ने परीक्षा रद्द होने पर नाराजगी जताई है और सरकार से दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है। उनका कहना है कि मेहनत करने वाले छात्रों को बार-बार ऐसी घटनाओं का खामियाजा भुगतना पड़ता है।

फिलहाल पूरे मामले की जांच जारी है। अब सभी की नजर इस बात पर है कि पुलिस पेपर लीक के मास्टरमाइंड तक कब पहुंचती है और परीक्षा की नई तारीख कब घोषित की जाती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *