यूपी बीजेपी का बड़ा दांव: 2027 से पहले नई टीम का ऐलान, रोहित मिश्रा बने भाजयुमो के नए प्रदेश अध्यक्ष

डिजिटल डेस्क- उत्तर प्रदेश में साल 2027 में होने वाले विधानसभा चुनावों को देखते हुए भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने अपने संगठन में बहुत बड़ा फेरबदल कर दिया है। यूपी बीजेपी ने अपनी नई प्रदेश टीम का गठन करते हुए युवा नेतृत्व को आगे बढ़ाने पर विशेष जोर दिया है। इसी कड़ी में पार्टी ने युवाओं के बीच मजबूत पकड़ रखने वाले तेजतर्रार नेता रोहित मिश्रा को भारतीय जनता पार्टी युवा मोर्चा (भाजयुमो) का नया प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया है। इसके साथ ही प्रयागराज की डॉ. कृतिका अग्रवाल को बीजेपी का प्रदेश उपाध्यक्ष बनाया गया है।

कौन हैं भाजयुमो के नए ‘कप्तान’ रोहित मिश्रा?

यूपी के प्रतापगढ़ के सेनानी नगर (करनपुर) में जन्मे रोहित मिश्रा के पिता का नाम देवेंद्र मिश्रा और माता का नाम अमिता मिश्रा है। रोहित मिश्रा की पहचान छात्र राजनीति से ही एक बेहद सक्रिय और जुझारू नेता के रूप में रही है। वह वर्तमान में भाजयुमो के प्रदेश उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी संभाल रहे थे, लेकिन संगठन में उनकी लगातार सक्रियता को देखते हुए अब शीर्ष नेतृत्व ने उनका कद बढ़ाकर उन्हें पूरे प्रदेश की कमान सौंप दी है। रोहित मिश्रा ने इलाहाबाद केंद्रीय विश्वविद्यालय से अपनी पीएचडी (Ph.D.) पूरी की है।

ABVP के टिकट पर रचा था इतिहास, युवाओं में है तगड़ी पकड़

रोहित मिश्रा की राजनीतिक यात्रा का सबसे स्वर्णिम अध्याय साल 2016 में लिखा गया था। उन्होंने इलाहाबाद विश्वविद्यालय छात्रसंघ चुनाव में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) के टिकट पर अध्यक्ष पद का चुनाव लड़ा और समाजवादी छात्रसभा के प्रत्याशी को बेहद कड़े मुकाबले में 95 वोटों से शिकस्त दी थी। विश्वविद्यालय को केंद्रीय दर्जा मिलने के बाद एबीवीपी की तरफ से अध्यक्ष पद जीतने वाले रोहित मिश्रा पहले प्रत्याशी थे। इस ऐतिहासिक जीत के बाद से ही उनकी पकड़ प्रदेश और राष्ट्रीय स्तर पर युवाओं के बीच काफी मजबूत हो गई।

कृतिका अग्रवाल बनीं प्रदेश उपाध्यक्ष, कहा- ‘2027 में विपक्ष के नैरेटिव को देंगे मुंहतोड़ जवाब’

इस नई टीम में प्रयागराज की डॉ. कृतिका अग्रवाल को भी बड़ी जिम्मेदारी देते हुए यूपी बीजेपी का प्रदेश उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया है। अपनी नियुक्ति पर शीर्ष नेतृत्व का आभार जताते हुए डॉ. कृतिका ने कहा कि वह संगठन की उम्मीदों पर पूरी तरह खरा उतरेंगी। उन्होंने आगामी 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर हुंकार भरते हुए कहा कि वह जमीन पर संगठन को मजबूत करेंगी और चुनाव में विपक्ष द्वारा फैलाए जा रहे झूठे नैरेटिव का मुंहतोड़ जवाब देने के लिए पूरी तरह तैयार हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *