प्रभास की ‘स्पिरिट’ पर बड़ा विवाद, टाइटल रजिस्ट्रेशन को लेकर दो प्रोडक्शन हाउस आमने-सामने

KNEWS DESK – साउथ सुपरस्टार प्रभास इन दिनों अपनी अपकमिंग फिल्मों को लेकर लगातार चर्चा में हैं। इस साल की शुरुआत में उनकी एक फिल्म बॉक्स ऑफिस पर उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर पाई थी। अब सभी की नजरें उनकी आने वाली बड़ी प्रोजेक्ट्स ‘फौजी’, ‘कल्कि 2898 एडी’ का सीक्वल और संदीप रेड्डी वांगा की फिल्म ‘स्पिरिट’ पर टिकी हुई हैं।

हालांकि, ‘स्पिरिट’ की रिलीज डेट 5 मार्च 2027 तय की गई है, लेकिन शूटिंग शुरू होते ही यह फिल्म एक नए विवाद में फंस गई है।

टाइटल को लेकर शुरू हुआ विवाद

ताजा रिपोर्ट्स के मुताबिक, फिल्म के टाइटल ‘स्पिरिट’ को लेकर दो अलग-अलग प्रोडक्शन हाउस के बीच विवाद खड़ा हो गया है। एक ओर प्रभास और संदीप रेड्डी वांगा की फिल्म ‘स्पिरिट’ है, वहीं दूसरी ओर एक और प्रोजेक्ट ‘स्पिरिट: इज नॉट वन’ भी सामने आया है। इसी टाइटल को लेकर दोनों पक्षों में टकराव की स्थिति बन गई है।

दोनों पक्षों के दावे

जानकारी के अनुसार, प्रभास की फिल्म से जुड़े मेकर्स ने ‘स्पिरिट’ टाइटल को मुंबई में रजिस्टर कराया है। वहीं दूसरी तरफ ‘स्पिरिट: इज नॉट वन’ के प्रोड्यूसर्स का दावा है कि उन्होंने पहले ही विजयवाड़ा स्थित तेलुगु फिल्म चैंबर ऑफ कॉमर्स में यह टाइटल रजिस्टर करवा लिया था।

प्रोड्यूसर्स वेंकटेश्वरलू और नरसम्मा का कहना है कि उनके पास सभी जरूरी दस्तावेज टाइटल रजिस्ट्रेशन और सेंसर प्रक्रिया से जुड़े कागजात मौजूद हैं, इसलिए वे अपने फिल्म के नाम में कोई बदलाव नहीं करेंगे।

बढ़ सकती है मुश्किलें

टाइटल विवाद के चलते अब इंडस्ट्री में कन्फ्यूजन की स्थिति बन गई है। माना जा रहा है कि अगर दोनों पक्षों के बीच समाधान नहीं निकलता है, तो इसका असर प्रभास और संदीप रेड्डी वांगा के हाई-प्रोफाइल प्रोजेक्ट पर भी पड़ सकता है।

कुछ रिपोर्ट्स में यह भी कहा जा रहा है कि ऐसे विवादों के चलते फिल्म की रिलीज प्लानिंग या शेड्यूल में बदलाव की स्थिति बन सकती है।

फिलहाल इस पूरे मामले पर न तो संदीप रेड्डी वांगा और न ही प्रभास की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने आई है। वहीं फिल्म इंडस्ट्री के जानकारों का मानना है कि दोनों पक्षों के बीच बातचीत से इस विवाद को सुलझाया जा सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *