‘सोनम-राजा’ जैसा कांड? बिजनेसमैन की मंगेतर ने खाई में धक्का देकर की हत्या, जयपुर में होने वाली थी रॉयल शादी

KNEWS DESK – महाराष्ट्र के पुणे जिले के मावल इलाके में स्थित प्रसिद्ध लोहगढ़ किले पर एक युवक की मौत के मामले में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। जिस घटना को शुरुआत में ट्रेकिंग के दौरान हुआ हादसा माना जा रहा था, पुलिस जांच में वह एक सुनियोजित हत्या का मामला निकला है।

पुलिस के अनुसार, कारोबारी परिवार से जुड़े 26 वर्षीय केतन अग्रवाल अपनी होने वाली पत्नी सिया गोयल के जन्मदिन के मौके पर उसके साथ लोहगढ़ किले पर ट्रेकिंग के लिए गया था। शुरुआती जानकारी में दावा किया गया था कि फोटो खींचते समय उसका पैर फिसल गया और वह करीब 400 फीट गहरी खाई में गिर गया, जिससे उसकी मौत हो गई। लेकिन लोणावला ग्रामीण पुलिस को घटनाक्रम पर शक हुआ और जांच आगे बढ़ाई गई।

जांच में सामने आया कि केतन की मौत सामान्य हादसा नहीं थी, बल्कि उसे कथित तौर पर खाई में धक्का दिया गया था। पुलिस के मुताबिक, इस मामले में सिया गोयल के एक करीबी मित्र की भूमिका संदिग्ध पाई गई है। इसके बाद पुलिस ने सिया गोयल और उसके कथित प्रेमी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है और मामले में साजिश की कड़ियों को जोड़ने की कोशिश की जा रही है।

पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि दोनों परिवार बड़े कारोबारी घरानों से जुड़े हुए हैं। बताया जा रहा है कि सिया गोयल एक बड़े मसाला कारोबारी की बेटी है, जबकि केतन अग्रवाल भी एक प्रतिष्ठित बिजनेसमैन परिवार से ताल्लुक रखते थे। दोनों की शादी जल्द ही जयपुर में होने वाली थी, जिसकी तैयारियां भी जोर-शोर से चल रही थीं।

सूत्रों के अनुसार, शादी काफी भव्य स्तर पर होनी थी और इसके लिए बड़े पैमाने पर इंतजाम किए जा रहे थे। यहां तक कि मेहमानों के लिए विशेष व्यवस्था और चार्टर्ड फ्लाइट्स तक बुक करने की बात सामने आई है। लेकिन इसी बीच इस दर्दनाक घटना ने पूरे मामले को एक खौफनाक मोड़ दे दिया।

पुलिस यह भी जांच कर रही है कि क्या सिया इस रिश्ते से खुश नहीं थी और क्या इसी वजह से यह कथित साजिश रची गई। फिलहाल लोणावला ग्रामीण पुलिस ने हत्या का केस दर्ज कर लिया है और सभी एंगल से जांच जारी है। यह मामला अब प्रेम, धोखे और साजिश के एक गंभीर अपराध के रूप में सामने आ रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *