प्रयागराजः लखनऊ अग्निकांड के बाद खान सर की ‘ग्लोबल स्टडीज’ और ‘फिजिक्स वाला’ समेत कई बड़े सेंटर्स सील

डिजिटल डेस्क- लखनऊ अग्निकांड में 15 लोगों की दर्दनाक मौत के बाद उत्तर प्रदेश का प्रशासन बेहद सख्त रुख अपना रहा है। इसी कड़ी में प्रयागराज विकास प्राधिकरण ने लोक सेवा आयोग के पास स्थित प्रसिद्ध शिक्षक खान सर की कोचिंग ‘ग्लोबल स्टडीज’ पर ताला जड़ दिया है। पीडीए ने जांच के बाद खान सर की इस कोचिंग बिल्डिंग को पूरी तरह अवैध घोषित करते हुए इसे सील कर दिया है। इसके साथ ही कानपुर में भी कानपुर विकास प्राधिकरण ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मशहूर कोचिंग संस्थान ‘फिजिक्स वाला’ के सेंटर को सील कर दिया है। केडीए ने शहर के कई अन्य संस्थानों पर भी तालाबंदी की है।

वाराणसी में आकाश और एलन जैसे 3 बड़े संस्थानों पर गिरी गाज

वाराणसी में भी जिला प्रशासन और फायर विभाग ने कोचिंग सेंटरों पर ताबड़तोड़ छापेमारी की। सुरक्षा मानकों में बड़ी खामियां और लापरवाही पाए जाने पर वाराणसी के तीन नामचीन कोचिंग संस्थानों को तत्काल प्रभाव से सील कर दिया गया। इनमें दुर्गाकुंड इलाके में स्थित ‘आकाश इंस्टीट्यूट’ कबीर नगर की ‘L1 कोचिंग’ और संकट मोचन इलाके में स्थित ‘एलन कोचिंग’ शामिल हैं। इन सभी जगहों पर छात्रों की सुरक्षा को ताक पर रखकर क्लासेस चलाई जा रही थीं।

फिरोजाबाद में भी अलर्ट, आधा दर्जन होटलों और कोचिंग पर कार्रवाई

लखनऊ हादसे के बाद फिरोजाबाद जिला प्रशासन भी पूरी तरह सतर्क मोड में आ गया है। सुरक्षा मानकों की अनदेखी और फायर सेफ्टी नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कड़ा रुख अपनाते हुए प्रशासन ने जांच शुरू कर दी है। नियमों की धज्जियां उड़ाने वाले आधा दर्जन से अधिक होटलों और कोचिंग सेंटरों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई शुरू की गई है, जिससे अवैध रूप से बेसमेंट या बिना एनओसी (NOC) के चल रहे संस्थान संचालकों में हड़कंप मच गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *