“जहां है गालियां, वहां है…” समय रैना के शो में आलिया भट्ट की एंट्री पर सुनील पाल का तंज

KNEWS DESK –विवादों में रहने वाले कॉमेडियन समय रैना ने अपने शो ‘इंडियाज गॉट लेटेंट’ सीजन 2 के साथ एक बार फिर वापसी की है। इस बार उनका एडल्ट कॉमेडी शो पहले से ज्यादा ग्रैंड और चर्चा में बना हुआ है। पिछले सीजन में हुए विवादों के बाद समय रैना कुछ संभले हुए नजर आए, लेकिन नए सीजन में शो का अंदाज फिर से वही बेबाक और तीखा दिखाई दिया है।

शो के पहले एपिसोड में इस बार बॉलीवुड की दिग्गज अभिनेत्री आलिया भट्ट और शरवरी वाघ नजर आईं। दोनों अपनी अपकमिंग फिल्म ‘अल्फा’ के प्रमोशन के लिए शो में पहुंची थीं। हालांकि, आलिया भट्ट का इस शो में आना जहां फैंस के लिए सरप्राइज रहा, वहीं यह सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय भी बन गया है।

इसी बीच कॉमेडियन सुनील पाल ने समय रैना के शो और आलिया भट्ट की मौजूदगी पर तंज कसा है। सुनील पाल और समय रैना के बीच लंबे समय से तनातनी चलती आ रही है और दोनों एक-दूसरे पर पहले भी बयानबाजी कर चुके हैं। इस बार सुनील पाल ने अपने सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा, “जहां है गालियां, वहां है आलिया।”

‘इंडियाज गॉट लेटेंट 2’ में समय रैना ने भी अपने पुराने अंदाज में सुनील पाल पर चुटकी ली। शो के दौरान उन्होंने एक कंटेस्टेंट से बातचीत में मजाक करते हुए कहा कि एक खास टूथपेस्ट सुनील पाल को भी दे देना चाहिए। इस दौरान आलिया भट्ट भी हंसती नजर आईं और उन्होंने बताया कि उन्होंने पहले कपिल शर्मा के शो में समय रैना और सुनील पाल वाले एपिसोड देखे हैं।

आलिया भट्ट और शरवरी वाघ इस शो में अपनी फिल्म ‘अल्फा’ के प्रमोशन के लिए पहुंची थीं, जो वाईआरएफ स्पाई यूनिवर्स की पहली फीमेल स्पाई फिल्म मानी जा रही है। शो की लोकप्रियता जहां तेजी से बढ़ रही है, वहीं इसे लेकर आलोचना भी लगातार जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *